
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
New Delhi: देश के सुरक्षा और वित्तीय तंत्र को प्रभावित करने वाले एक बड़े नेटवर्क के खिलाफ केंद्रीय जांच एजेंसी (प्रवर्तन निदेशालय - ईडी) ने बड़ा मोर्चा खोल दिया है। आज सुबह से ही देश के अलग-अलग राज्यों में कुल 13 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी चल रही है। जांच एजेंसी की इस अचानक हुई कार्रवाई से देश के कई हिस्सों में हड़कंप मच गया है। यह पूरा एक्शन एक बड़े और संगठित सिंडिकेट के वित्तीय नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए किया जा रहा है, जिसका जाल कई राज्यों में फैला हुआ है।
केंद्रीय एजेंसी की लखनऊ यूनिट इस पूरे ऑपरेशन को लीड कर रही है। जांच का दायरा किसी एक राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के कई महत्वपूर्ण हिस्सों में फैला हुआ है। फिलहाल उत्तर प्रदेश, देश की राजधानी नई दिल्ली, हरियाणा और पश्चिम बंगाल समेत कई अन्य राज्यों में एक साथ छापेमारी की जा रही है। जांच टीम से जुड़े अधिकारी संदिग्ध ठिकानों पर मौजूद दस्तावेजों और डिजिटल सबूतों को खंगालने में जुटे हैं, ताकि इस पूरे नेटवर्क की रीढ़ तोड़ी जा सके।
यह भी पढ़ें-कानपुर देहात में CHO पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप, विरोध करने पर पति के साथ भी हुई मारपीट
इस पूरे मामले की जड़ें वित्तीय हेरफेर और मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ी हुई हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि संदिग्ध विदेशी बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये का लेन-देन किया गया था। शुरुआती जांच में मिले फाइनेंशियल ट्रेल से पता चला है कि कुछ धर्मार्थ ट्रस्टों (Charitable Trusts) और संस्थानों का इस्तेमाल विदेशी चंदे को अवैध रूप से हासिल करने के लिए किया जा रहा था। इस काली कमाई को देश में खपाने के लिए कई बैंक खातों, म्यूल अकाउंट्स (दूसरों के नाम पर खोले गए खाते) और लेयर्ड ट्रांजैक्शंस का सहारा लिया गया। इसके बाद इस अवैध रकम को कैश के रूप में निकालकर ठिकाने लगाया जाता था।
यह बी पढ़ें-जिस इलाज से थी जिंदगी की उम्मीद, वही बना सवालों के घेरे में! 10 साल की बच्ची की मौत पर बड़ा एक्शन
इस बड़ी कार्रवाई की नींव साल 2024 में ही पड़ गई थी। यूपी एटीएस (एंटी टेररिज्म स्क्वाड) ने एक संगठित गिरोह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की थी। एटीएस की जांच में यह खुलासा हुआ था कि एक शातिर सिंडिकेट अवैध रूप से रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिकों की भारत में घुसपैठ करा रहा है। भारत में एंट्री दिलाने के बाद यह सिंडिकेट इन घुसपैठियों के फर्जी भारतीय पहचान पत्र और दस्तावेज तैयार करवाता था और फिर उन्हें देश के अलग-अलग हिस्सों में बसाने का काम करता था। एटीएस की इसी एफआईआर को आधार बनाकर ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज किया, जिसके तहत आज देश भर में यह महा-ऐक्शन चल रहा है।
Location : New Delhi
Published : 16 July 2026, 11:08 AM IST