Dhruv Rathee को दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम से हिरासत में लिया: सुबह-सुबह घर पहुंची 50 लोगों की टीम

सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर ध्रुव राठी को दिल्ली पुलिस ने गुरुग्राम स्थित उनके घर से हिरासत में ले लिया है। पुलिस की 50 सदस्यीय टीम सुबह उनके आवास पर पहुंची थी। हालांकि, अभी तक इस कार्रवाई के स्पष्ट कारणों का खुलासा नहीं हुआ है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 10 October 2026, 10:33 AM IST

New Delhi: देश के जाने-माने सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और यूट्यूबर ध्रुव राठी को लेकर एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है। दिल्ली पुलिस ने ध्रुव राठी को उनके गुरुग्राम स्थित घर से हिरासत में ले लिया है। इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद राजनीतिक और सोशल मीडिया गलियारों में हलचल तेज हो गई है।

मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पुलिस की एक बड़ी टीम सुबह करीब 7:48 बजे गुरुग्राम के सेक्टर-56 स्थित केंद्रीय विहार में उनके आवास पर पहुंची। सूत्रों का दावा है कि पुलिस की करीब 50 सदस्यीय टीम देर रात से ही उनके घर के बाहर तैनात थी। जैसे ही ध्रुव राठी की मां ने दरवाजा खोला, पुलिसकर्मी तुरंत घर के अंदर दाखिल हो गए और उन्हें अपने साथ ले गए।

CJP के प्रदर्शन से पहले राजधानी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम

ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने की खबर ऐसे समय आई है, जब CJP ने 10 अक्टूबर को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन का आह्वान किया है। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विरोध जताने के लिए प्रस्तावित है।

छावनी में तब्दील जंतर-मंतर: आसपास और संवेदनशील इलाकों की ड्रोन से पैनी निगरानी

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है। पुलिस के मुताबिक, आयोजकों ने निर्धारित समय से कम समय पहले सूचना दी थी। कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात पर संभावित असर को देखते हुए यह फैसला लिया गया।

दिल्ली की सीमाओं पर जांच और पुलिस पिकेट

दक्षिणी दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल के मुताबिक, प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए दक्षिणी जिले सहित राजधानी के विभिन्न हिस्सों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई गई है। अंतरराज्यीय और अंतर-जिला सीमाओं पर जांच की जा रही है, ताकि अनधिकृत रूप से जुटने वाले लोगों की आवाजाही पर नजर रखी जा सके।

पुलिस ने विभिन्न सीमाओं पर करीब 12 पुलिस पिकेट लगाए हैं। इसके अलावा जिले के भीतर भी कई स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। अधिकारियों का कहना है कि उनका उद्देश्य कानून-व्यवस्था बनाए रखना और दिनभर स्थिति को शांतिपूर्ण रखना है।

8 अक्टूबर को भारत लौटे थे ध्रुव राठी

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, ध्रुव राठी 8 अक्टूबर को भारत लौटे थे। उसी दिन वह बेंगलुरु के फ्रीडम पार्क में CJP के प्रदर्शन में शामिल हुए थे। इसके बाद 9 अक्टूबर की रात उनके दिल्ली पहुंचने की जानकारी सामने आई। उन्होंने इंडिया गेट से एक वीडियो भी साझा किया था और फिर गुरुग्राम स्थित अपने घर चले गए थे। शनिवार को उन्हें जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन में शामिल होना था।

Delhi CJP Protest: कॉकरोचों के लिए किला बनी दिल्ली; रास्ते, मेट्रो, ट्रेनें भी बंद, फिरोज शाह रोड और मंडी हाउस पर RAF तैनात

हिरासत की वजह पर आधिकारिक जानकारी का इंतजार

फिलहाल ध्रुव राठी को हिरासत में लिए जाने के पीछे का सटीक कारण और उनके खिलाफ किसी मामले की जानकारी आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हुई है। इसलिए इस घटनाक्रम को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पुलिस के आधिकारिक बयान का इंतजार करना जरूरी है। मामले में आगे की जानकारी सामने आने पर घटनाक्रम की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।

Location :  New Delhi

Published :  10 October 2026, 9:50 AM IST