
भाजपा ने फूंका पुतला (Img : Dynamite News)
देवघर : झारखंड की राजनीति में स्वास्थ्य मंत्री एवं कांग्रेस नेता डॉ. इरफान अंसारी के एक बयान ने नया सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। उनके बयान को लेकर भाजपा का विरोध अब सड़कों पर दिखाई देने लगा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को देवघर के टावर चौक पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंत्री इरफान अंसारी का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जमकर नारेबाजी की और मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई।
दरअसल, डॉ. इरफान अंसारी ने अपने एक बयान में कहा था कि देश के 40 लाख युवा सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं और राहुल गांधी के इशारे का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने कहा था कि राहुल गांधी ने ही अभी तक इन युवाओं को रोक रखा है। साथ ही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आगाह करते हुए उन्होंने कहा था कि भारत की स्थिति बांग्लादेश और नेपाल से भी बदतर हो सकती है और देश में आपातकाल जैसी परिस्थिति पैदा हो सकती है।
विरोध प्रदर्शन
उनके इसी बयान को लेकर भाजपा ने कड़ा ऐतराज जताया है। भाजपा नेताओं का आरोप है कि संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री की ओर से इस तरह की बयानबाजी देश में अराजकता की स्थिति पैदा करने का संकेत देती है।
देवघर में आयोजित पुतला दहन कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष आशीष दुबे ने इरफान अंसारी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मंत्री को 'पागल इंसान' तक कह दिया।
देवघर में छापेमारी ने खोली दुकानों की पोल; लड्डू की चाशनी से लेकर छोले तक में मिली गड़बड़ी
आशीष दुबे ने कहा कि देश के युवाओं को लेकर इस तरह की बयानबाजी करने वाले व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि 40 लाख युवाओं को सड़क पर उतारने और राहुल गांधी के इशारे का इंतजार करने की बात करना देश में अराजकता फैलाने की कोशिश है। भाजपा कार्यकर्ता ऐसी बयानबाजी का लोकतांत्रिक तरीके से विरोध करते रहेंगे।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने भी इस बयान पर कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने इरफान अंसारी के लिए 'कमीना मंत्री' जैसे तीखे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए उनकी बयानबाजी पर सवाल उठाए। दीपक प्रकाश ने इस मामले में मंत्री की जवाबदेही तय करने की मांग भी की है।
Location : Deoghar
Published : 7 November 2026, 7:02 PM IST