
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी (Source: Dynamite News)
Deoghar: दुर्गा पूजा के उत्सवी माहौल के बीच झारखंड के देवघर जिले में हथियार दिखाकर लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। मारगोमुंडा थाना क्षेत्र के लहरजोरी मोड़ के पास 18 अक्टूबर की रात बाइक सवार तीन युवकों ने आसनसोल मछली लाने जा रहे बोलेरो पिकअप चालक को निशाना बनाया। आरोपियों ने पिस्टल दिखाकर रुपये, मोबाइल और वाहन की चाबी छीनने की कोशिश की। चालक के शोर मचाने पर पहुंचे ग्रामीण ने एक आरोपी को पकड़ने में मदद की। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस को दिए गए आवेदन के अनुसार, मधुपुर के मीना बाजार, बैंक कॉलोनी निवासी त्रिपुरारी रजवार 18 अक्टूबर की रात करीब 9:15 बजे अपने खलासी कुंदन विश्वकर्मा के साथ पिकअप वाहन से आसनसोल के लिए निकले थे। इसी दौरान काले रंग की अपाची बाइक पर सवार तीन युवक उनका पीछा करने लगे।
आरोप है कि लहरजोरी मोड़ के पास रात करीब 10:10 बजे युवकों ने पिकअप को रोक लिया और पिस्टल दिखाकर लूट की कोशिश की।
लूट की कोशिश के दौरान चालक ने शोर मचाया। आवाज सुनकर स्थानीय निवासी वसीम अंसारी मौके पर पहुंचे और चालक की मदद करने लगे। आरोप है कि चेहरा गमछे से ढके युवक ने पिस्टल की बॉडी से वसीम के सिर पर वार किया और उनके पेट के दाहिने हिस्से में काट लिया। इसके बावजूद वसीम ने आरोपी का सामना किया।
इस दौरान आसपास के लोग जुटने लगे। बाइक चला रहा एक युवक मौके से भाग गया, जबकि दूसरा भी फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने तीसरे आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान अर्जुन यादव, निवासी बांधडीह, थाना सारठ के रूप में हुई। जांच और छापेमारी के दौरान पुलिस ने डब्लु यादव और संजय यादव को भी गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से स्टील रंग की नकली पिस्टल, रियलमी कंपनी का मोबाइल फोन और काले-लाल रंग की टीवीएस अपाची मोटरसाइकिल बरामद की है। पिस्टल के बैरल पर ‘MADE IN CHINA’ लिखा हुआ बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, घटना को लेकर मारगोमुंडा थाना कांड संख्या 83/2026 के तहत 19 अक्टूबर को भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) में मामला दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
Location : Deoghar
Published : 20 October 2026, 12:44 PM IST