देवघर में नकली पुलिस का आतंक; कागजात जांचने के बहाने लूटा तार से भरा ट्रक, दो गिरफ्तार

झारखंड के देवघर में अपराधियों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर तार लदे ट्रक को लूट लिया। मोहनपुर थाना क्षेत्र में कागजात जांचने के बहाने ट्रक रोककर चालक और खलासी को बंधक बनाया गया। ट्रक मालिक से पैसों की मांग भी की गई। मामले में देवघर पुलिस ने SIT गठित कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। लूटा गया ट्रक और इनोवा कार बरामद हुई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 November 2026, 6:33 PM IST

Deoghar: झारखंड के देवघर जिले में खुद को पुलिसकर्मी बताकर ट्रक लूटने का मामला सामने आया है। मोहनपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों ने पुलिसकर्मी बनकर तार लदे ट्रक को कागजात जांचने के बहाने रोक लिया। इसके बाद चालक और खलासी को अपने वाहन में बैठाकर ट्रक लेकर फरार हो गए। आरोपियों ने ट्रक मालिक से पैसों की मांग भी की। मामले की सूचना मिलने के बाद देवघर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर लूटा गया ट्रक, वारदात में इस्तेमाल इनोवा कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

सुबह सात बजे कागजात जांचने के बहाने रोका ट्रक

पुलिस के अनुसार, घटना 5 नवंबर 2026 की सुबह करीब सात बजे की है। मोहनपुर थाना क्षेत्र में कुछ अज्ञात लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताकर तार लदे ट्रक को रोक लिया। आरोपियों ने चालक से गाड़ी के कागजात दिखाने को कहा। इसी बहाने उन्होंने चालक और खलासी को अपने वाहन में बैठा लिया और ट्रक लेकर फरार हो गए। घटना के बाद ट्रक मालिक से पैसों की मांग भी की गई।

Bareilly: देखते ही देखते आग की लपटों में घिरा मकान, बाहर नहीं निकल पाईं लकवाग्रस्त द्रोपदी देवी

इस मामले में ट्रक मालिक रामेश्वर (48), निवासी भगवानपुरा, जे.जे. कैंप, समयपुर बादली, जिला रोहिणी, दिल्ली ने मोहनपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कांड संख्या 178/2026 दर्ज कर जांच शुरू की।

गिरफ्तार आरोपी (Image Source: Dynamite News)

एसपी ने गठित की SIT, दो आरोपी गिरफ्तार

मामले की गंभीरता को देखते हुए देवघर के पुलिस अधीक्षक ने लूटकांड के खुलासे के लिए विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार राय (45), पिता भिखारी राय, मूल निवासी गादी नवादा, थाना चकाई, जिला जमुई, बिहार और कैलाशपति मिश्रा (35), पिता स्वर्गीय शरद कुमार मिश्रा, मूल निवासी पुरानी बाजार, थाना झाझा, जिला जमुई, बिहार के रूप में हुई है। दोनों का वर्तमान पता मानिकपुर, थाना जसीडीह, देवघर बताया गया है।

62 सुरंगें और 116 पुल, लेह में बनेगा दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे स्टेशन, चीन का रिकॉर्ड टूटेगा

ट्रक, इनोवा कार और दो मोबाइल फोन बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर लूटा गया ट्रक और वारदात में इस्तेमाल की गई इनोवा कार बरामद की है। बरामद ट्रक का नंबर DL-01LAH-4721 और इनोवा कार का नंबर JH-15AF-0051 है। इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, SDPO कुलदीप कुमार के नेतृत्व में छापेमारी की कार्रवाई की गई। मामले में आगे की जांच जारी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।

Location :  Deoghar

Published :  6 November 2026, 6:33 PM IST