
बैठक (Img : Dynamite News)
New Delhi : धार्मिक और सांस्कृतिक राजधानी देवघर में छठ महापर्व को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। लोक आस्था के इस महापर्व पर शहर में सिर्फ छठ व्रतियों की ही नहीं, बल्कि बाबा बैद्यनाथ के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं की भी भारी भीड़ जुटने की संभावना है। बिहार और बंगाल के विभिन्न जिलों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपनी मन्नतों के साथ देवघर पहुंचते हैं। ऐसे में इस बार प्रशासन के सामने आस्था की भीड़ को संभालने के साथ-साथ सुरक्षा, स्वच्छता और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने की बड़ी चुनौती होगी।
छठ के दौरान देवघर की तस्वीर सामान्य दिनों से काफी अलग रहती है। एक ओर स्थानीय लोग अपने-अपने छठ घाटों पर भगवान सूर्य की उपासना करते हैं, तो दूसरी ओर मन्नत पूरी होने पर बिहार और बंगाल से श्रद्धालु देवघर पहुंचते हैं। इसके अलावा बाबा बैद्यनाथ मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना करने आने वाले भक्तों की आवाजाही भी जारी रहती है।
तीन अलग-अलग वजहों से शहर में श्रद्धालुओं का दबाव बढ़ने के कारण शिवगंगा और बाबा मंदिर के आसपास यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत होगी। इसे देखते हुए प्रशासन की ओर से ट्रैफिक व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए जाने की तैयारी है। संबंधित पदाधिकारियों को इस दिशा में जरूरी निर्देश दिए जाएंगे, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
इधर, छठ महापर्व को लेकर देवघर नगर निगम ने भी कमर कस ली है। निगम क्षेत्र के चिह्नित 51 छठ घाटों को पूजा के लिए तैयार करने की कवायद शुरू कर दी गई है। घाटों की साफ-सफाई के साथ आसपास के इलाकों को भी व्यवस्थित किया जा रहा है। खास तौर पर घाटों तक पहुंचने वाले रास्तों को सुगम बनाने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि व्रतियों को पूजा सामग्री लेकर आने-जाने में किसी तरह की दिक्कत न हो।
देवघर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार ने बताया कि सभी 51 चिह्नित छठ घाटों की सफाई के लिए निगम के सफाई कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। घाटों के आसपास जमा गंदगी हटाने के साथ पूरे परिसर को व्यवस्थित करने का काम कराया जा रहा है। सफाई कार्य दिन में दो पालियों में संचालित किया जा रहा है, जिससे समय रहते सभी घाटों को स्वच्छ बनाया जा सके।
देवघर में छापेमारी ने खोली दुकानों की पोल; लड्डू की चाशनी से लेकर छोले तक में मिली गड़बड़ी
उन्होंने बताया कि शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर जमा कचरे का नियमित उठाव भी कराया जा रहा है। इसके साथ ही जलसार मोड़ स्थित डंपिंग यार्ड की सफाई के लिए भी व्यापक स्तर पर अभियान चलाया जा रहा है।
दरअसल, दीपावली के बाद शहर में कचरे का दबाव बढ़ जाता है। घरों की साफ-सफाई और त्योहार के दौरान निकलने वाले अतिरिक्त कचरे के कारण नगर निगम के सामने स्वच्छता बनाए रखना बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में छठ घाटों की सफाई के साथ-साथ शहर के सार्वजनिक स्थानों और कूड़ेदानों से कचरे का समय पर उठाव भी जरूरी है।
Location : Deoghar
Published : 6 November 2026, 2:06 PM IST