Weather Update: बूंदाबांदी और बादलों से बढ़ी ठंड, क्या एक बार फिर बदलेगा मौसम का मिजाज

दिल्ली में बादल और बूंदाबांदी से ठंड बढ़ी। IMD के मुताबिक 29-30 जनवरी को कोहरा और 1 फरवरी के लिए येलो अलर्ट जारी। जानिए राजधानी का तापमान, बारिश का आंकड़ा और AQI का हाल।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 29 January 2026, 8:16 AM IST

New Delhi: राजधानी दिल्ली में बीते दिन यानी 28 जनवरी को पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे और कई इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। इसके चलते ठंड में इजाफा देखने को मिला और लोगों को दिनभर सर्द मौसम का सामना करना पड़ा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार यह स्थिति 29 जनवरी 2026 को भी बनी रहेगी, जबकि 29 और 30 जनवरी की सुबह हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना जताई गई है।

28 जनवरी को क्यों बढ़ी ठिठुरन?

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, 28 जनवरी को दिल्ली का अधिकतम तापमान 18.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.7 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो औसत से 4.2 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया। दिनभर सूरज के दर्शन नहीं हुए, जिससे ठंड का असर और बढ़ गया। सुबह और शाम के समय ठंडी हवाओं ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी और राजधानी के कई हिस्सों में लोग गर्म कपड़ों में लिपटे नजर आए।

अगले दो दिन कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

IMD की भविष्यवाणी के अनुसार, 29 और 30 जनवरी को भी दिल्ली में आसमान में बादल छाए रहेंगे।

  • अधिकतम तापमान: 17 से 19 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान: 6 से 8 डिग्री सेल्सियस

सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है, जिससे विजिबिलिटी प्रभावित होने की आशंका है। ऐसे में वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

31 जनवरी और 1 फरवरी को बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के अनुसार, 31 जनवरी और 1 फरवरी को एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। इस दौरान

  • तेज हवाएं चलने की संभावना
  • बादल घिरने और बारिश का नया दौर
  • 1 फरवरी के लिए येलो अलर्ट जारी

इन मौसमी बदलावों के चलते तापमान में फिर से गिरावट आ सकती है।

दिल्ली के किन इलाकों में कितना तापमान रहा?

28 जनवरी को राजधानी के अलग-अलग इलाकों में तापमान में फर्क देखने को मिला-

  • पालम: 16.5°C
  • लोधी रोड: 18°C
  • रिज क्षेत्र: 17.7°C
  • आयानगर: 17°C

कहां कितनी बारिश हुई?

28 जनवरी सुबह 8:30 बजे तक बीते 24 घंटों में दर्ज बारिश

  • सफदरजंग: 4.3 मिमी
  • पालम: 14.8 मिमी
  • लोधी रोड: 3.4 मिमी
  • रिज: 14.4 मिमी
  • आयानगर: 5 मिमी

AQI में सुधार, लेकिन राहत अभी अधूरी

बारिश और हवाओं के कारण दिल्ली की वायु गुणवत्ता में कुछ सुधार दर्ज किया गया। शाम चार बजे AQI घटकर 255 पर पहुंच गया, हालांकि यह अभी भी ‘खराब’ श्रेणी में बना हुआ है।

Location : 
  • New Delhi

Published : 
  • 29 January 2026, 8:16 AM IST