Delhi Weather Update: दिल्ली में मौसम लेने वाला है यू-टर्न! ओलावृष्टि का अलर्ट, AQI बढ़ने से बढ़ेगी परेशानी?

दिल्ली में 14 और 15 अक्टूबर को मौसम बदलने का अनुमान है। IMD ने कुछ इलाकों में तेज हवाओं, बिजली कड़कने और ओलावृष्टि की संभावना जताई है। इस बीच राजधानी का AQI 157 दर्ज किया गया। जानिए आज दिल्ली में तापमान, बारिश और हवा की गुणवत्ता को लेकर क्या पूर्वानुमान है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 October 2026, 7:49 AM IST

New Delhi: दिल्ली में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने के संकेत मिल रहे हैं। बारिश के बाद बढ़ती गर्मी के बीच अब बादल, तेज हवाएं और ओलावृष्टि की संभावना लोगों की चिंता बढ़ा सकती है। वहीं, राजधानी की हवा की गुणवत्ता भी प्रभावित हुई है। ऐसे में सवाल है कि आने वाले दिनों में दिल्ली का मौसम क्या नया मोड़ लेने वाला है?

दिल्ली में ओलावृष्टि और तेज हवाओं का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, 14 और 15 अक्टूबर को दिल्ली समेत हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ के कुछ इलाकों में मौसम बदल सकता है। इस दौरान बिजली कड़कने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि का भी पूर्वानुमान जताया गया है। मौसम में इस बदलाव के कारण सुबह और शाम के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है।

दिल्ली का AQI कितना पहुंचा?

मौसम में बदलाव के संकेतों के बीच दिल्ली की हवा की गुणवत्ता भी चर्चा में है। मंगलवार, 13 अक्टूबर को राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 157 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है। हालांकि, PM2.5 का बढ़ता स्तर चिंता का विषय हो सकता है। प्रदूषण के कारण संवेदनशील लोगों को खांसी, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी जैसी दिक्कतें हो सकती हैं।

बारिश के बाद फिर बढ़ने लगा तापमान

दिल्ली में हालिया बारिश के बाद धूप निकलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.7 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.3 डिग्री कम रहा। मयूर विहार में सबसे कम अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

दिल्ली में सुरक्षा और विकास का बड़ा प्लान! 50 हजार CCTV कैमरे, 9 औद्योगिक क्षेत्रों की बदलेगी सूरत

आज कैसा रहेगा दिल्ली का मौसम?

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, बुधवार, 14 अक्टूबर को दिल्ली में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं। अधिकतम तापमान 33 से 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दक्षिण-पूर्वी दिशा से 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने और उसके बाद के दो दिनों में 2 से 3 डिग्री की गिरावट आने की संभावना जताई गई है।

पिछले 24 घंटे में कहां हुई बारिश?

पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली के कुछ इलाकों में बहुत हल्की बारिश दर्ज की गई। मयूर विहार में 1.5 मिलीमीटर और रिज क्षेत्र में 1.4 मिलीमीटर बारिश हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 21 से 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा। अधिकतम आर्द्रता 96 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 56 प्रतिशत दर्ज की गई।

Location :  New Delhi

Published :  14 October 2026, 7:49 AM IST