
सुबह से शाम तक बदल सकता है मौसम (Source: Pinterest)
New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में सितंबर की शुरुआत मौसम में बदलाव के संकेत लेकर आई है। सोमवार को तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान किया, लेकिन अब मौसम का मिजाज बदलता नजर आ रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार 1 सितंबर को राजधानी में आसमान में हल्के बादल छाए रह सकते हैं।
सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 27.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। खास बात यह रही कि दिनभर बादलों की मौजूदगी के बावजूद राजधानी में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई।
मंगलवार को न्यूनतम तापमान 26 से 28 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। दिन में हवा की गति करीब 10 से 15 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि झोंकों के साथ इसकी रफ्तार 20 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है।
मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, मंगलवार को सुबह या दोपहर के समय बारिश की संभावना बहुत ज्यादा नहीं है। हालांकि, तेज हवाओं के कारण लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। शाम या रात के समय राजधानी के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
दिल्ली की हवा की गुणवत्ता की बात करें तो सोमवार को औसत AQI 118 रहा, जो 'मॉडरेट' श्रेणी में दर्ज किया गया। मंगलवार को भी एयर क्वालिटी के सामान्य श्रेणी में रहने की संभावना है।
Ballia News: दहेज विवाद में बहन के ससुराल पहुंचे भाई पर चाकू से हमला, वाराणसी ट्रॉमा सेंटर रेफर
दिल्ली-एनसीआर के लिए अगले कुछ दिन और भी महत्वपूर्ण हो सकते हैं। मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार 2 सितंबर तक बादल छाए रहने और दोपहर या शाम के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
इसके बाद 3 से 7 सितंबर के बीच दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है। कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना भी जताई गई है। बारिश के साथ तापमान में गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिल सकती है।
हालांकि, राजधानी के हर इलाके में एक जैसा मौसम देखने को मिले, यह जरूरी नहीं है। कुछ क्षेत्रों में केवल बूंदाबांदी हो सकती है, जबकि अन्य जगहों पर तेज बारिश हो सकती है। ऐसे में सितंबर के पहले सप्ताह में दिल्ली का मौसम किस करवट बैठता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।
Location : New Delhi
Published : 1 September 2026, 7:35 AM IST