सोनिया विहार में मौत बनकर आया डंपर; ऑटो में सवार नवजात समेत तीन लोगों की गई जान, 5 घायल

सोनिया विहार पुश्ता पर बुधवार देर रात डंपर और सवारियों से भरे ऑटो की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक नवजात बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 November 2026, 11:09 AM IST

New Delhi: दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सोनिया विहार पुश्ता पर डंपर और सवारियों से भरे ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में एक नवजात बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए।

हादसे में तीन साल की एक बच्ची सुरक्षित बच गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। सभी घायलों को उपचार के लिए जग प्रवेश चंद्र अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

नवजात बच्ची समेत तीन लोगों की मौत, पांच घायल

पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। हादसे में घायल हुए लोगों में राजा (32) और राखी (30) समेत कुल पांच लोग शामिल हैं। वहीं, दो अज्ञात पुरुषों और एक नवजात बच्ची को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया।

हादसे में तीन साल की बच्ची का सुरक्षित बचना भी सामने आया है। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोग राहत और बचाव कार्य में जुट गए थे। पुलिसकर्मियों ने भी घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

डंपर और ऑटो के नंबर आए सामने

पुलिस के अनुसार, दुर्घटना में शामिल डंपर का नंबर DL-1LY-5990 और ऑटो का नंबर DL-1RAB-5531 है। ऑटो मानेसर की तरफ से आ रहा था, जबकि डंपर सभापुर गांव की तरफ से आ रहा था। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई।

टक्कर के बाद ऑटो में बैठे लोगों को गंभीर चोटें आईं। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। दमकल विभाग की टीम के पहुंचने से पहले ही पुलिस और स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल ले जा चुके थे।

सोनिया विहार थाना पुलिस कर रही जांच

हादसे के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सोनिया विहार थाना पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। पुलिस हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल में जुटी है। फिलहाल दुर्घटना में तीन लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है।

Location :  New Delhi

Published :  12 November 2026, 11:09 AM IST