‘एक और निर्भया कांड’ पर भड़की सियासत, केजरीवाल-सिसोदिया ने BJP को घेरा

दिल्ली में हुई एक दर्दनाक घटना ने फिर पूरे देश को झकझोर दिया है। चलती बस, रात का सफर और फिर जो हुआ उसने निर्भया कांड की यादें ताजा कर दीं। घटना के बाद राजनीति भी गरमा गई है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 14 May 2026, 3:54 PM IST

New Delhi: नई दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 30 वर्षीय महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद राजधानी में सनसनी फैल गई है। इस मामले ने एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के बाद राजनीतिक माहौल भी गरमा गया है और आम आदमी पार्टी ने केंद्र और भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है।

‘हमने निर्भया से कुछ नहीं सीखा’

अरविंद केजरीवाल ने इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा कि “हमने निर्भया से कुछ नहीं सीखा। ये हादसा पूरे समाज के लिए कलंक है।” वहीं मनीष सिसोदिया ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि दिल्ली में “एक और निर्भया कांड” हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी में महिलाओं और बच्चियों की सुरक्षा पूरी तरह से फेल हो चुकी है।

फैक्टरी से घर लौट रही थी महिला

पुलिस के अनुसार पीड़िता मंगोलपुरी स्थित एक फैक्टरी में काम करती है और सोमवार रात ड्यूटी खत्म होने के बाद घर लौट रही थी। महिला सरस्वती विहार इलाके में बस का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान वहां एक स्लीपर बस आकर रुकी। बताया जा रहा है कि महिला ने बस के दरवाजे पर खड़े व्यक्ति से समय पूछा। आरोप है कि उसी दौरान उसे जबरन बस के अंदर खींच लिया गया। इसके बाद बस चालक और हेल्पर ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया।

24 घंटे… 3 कत्ल… और फिर एनकाउंटर! चंदौली का ‘साइको किलर’ आखिर कैसे बना पूरे यूपी में दहशत का नाम?

घटना के बाद आरोपियों ने महिला को नांगलोई मेट्रो स्टेशन के पास बस से नीचे फेंक दिया और फरार हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया।

CCTV फुटेज से खुला राज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। रूट पर लगे CCTV कैमरों की मदद से बस की पहचान की गई। जांच में पता चला कि बस दिल्ली और बिहार के बीच चलती है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बस को जब्त कर लिया और चालक व हेल्पर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। फिलहाल दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

मैनपुरी में दबंगों का कहर, दबंगों ने महिला को पीट-पीटकर किया लहूलुहान, हालत गंभीर

महिलाओं की सुरक्षा पर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर बहस तेज हो गई है। साल 2012 के निर्भया कांड के बाद कई सख्त कानून बनाए गए थे, लेकिन लगातार सामने आ रही घटनाएं सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रही हैं।सोशल मीडिया पर भी लोग इस मामले को लेकर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। कई महिला संगठनों ने आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग की है। वहीं विपक्ष ने केंद्र सरकार से जवाब मांगा है कि आखिर राजधानी में महिलाएं कब सुरक्षित महसूस करेंगी।

Location :  New Delhi

Published :  14 May 2026, 3:54 PM IST