दिल्ली के सीमापुरी में बड़ा हादसा: 4 मंजिला जर्जर मकान भरभराकर गिरा, 3 की मौत

पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को जर्जर चार मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे के इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। हादसे में पड़ोसी मकान भी क्षतिग्रस्त हुआ है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 8 October 2026, 6:27 AM IST

New Delhi: पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां एक जर्जर चार मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। मकान गिरते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि मलबे में फंसे 11 लोगों को निकाला गया। राहत बचाव कार्य जारी है।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस-दमकल की टीम

घटना की सूचना बुधवार दोपहर करीब 3:32 बजे दमकल विभाग को मिली। जानकारी मिलते ही दमकल और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। मलबे को हटाकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकालने की कोशिश की जा रही है। मौके पर पुलिस और बचाव दल की मौजूदगी में अभियान लगातार जारी है।

25 गज में बना था मकान, पड़ोसी का घर भी क्षतिग्रस्त

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुआ मकान करीब 25 गज जमीन पर एल-शेप में बना था। जर्जर मकान के अचानक गिरने से आसपास के इलाके में भी नुकसान हुआ है। हादसे में पड़ोसी का मकान भी क्षतिग्रस्त होने की जानकारी सामने आई है। फिलहाल बचाव दल मलबे को सावधानी से हटाने में जुटा है।

पिछले महीने सत्य निकेतन में हुआ था बड़ा हादसा

गौरतलब है कि इससे पहले दक्षिणी दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में 6 सितंबर को पांच मंजिला पीजी की इमारत ढह गई थी। उस हादसे में सात छात्रों की मौत हुई थी। बताया गया था कि इमारत में रेनोवेशन का काम चल रहा था। मामले में पुलिस ने मुख्य बिल्डिंग मालिक हरिराम गुप्ता समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था।

 

Location :  New Delhi

Published :  7 October 2026, 4:50 PM IST