नीचे पानी, ऊपर PG और बीच में मौत! 40 साल पुरानी बिल्डिंग के अवैध निर्माण ने खोले कई राज

दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला PG इमारत ढहने से छह लोगों की मौत हो गई। जांच में करीब 40 साल पुरानी इमारत, अवैध निर्माण और बेसमेंट में मरम्मत की बात सामने आई है। बारिश में बेसमेंट में पानी भरने की जानकारी भी सामने आई। पुलिस ने भवन मालिक के खिलाफ केस दर्ज किया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 7 September 2026, 10:22 AM IST

New Delhi:  राजधानी दिल्ली के सत्य निकेतन में पांच मंजिला इमारत के अचानक ढहने से छह लोगों की मौत के बाद कई गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे में 11 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। शुरुआती जांच में इमारत की उम्र, अवैध निर्माण और बेसमेंट में चल रहे मरम्मत कार्य से जुड़ी कई अहम बातें सामने आई हैं। इमारत में ‘हॉस्टल डेज’ नाम से PG भी संचालित हो रहा था, जहां दिल्ली विश्वविद्यालय के साउथ कैंपस के छात्र रहते थे।

40 साल पुरानी थी इमारत, बाद में बढ़ती गई मंजिलें

पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक, यह इमारत करीब 40 साल पहले सिर्फ दो मंजिल की बनी थी। बाद में इसमें बेसमेंट बनाया गया और तीन अतिरिक्त मंजिलें बढ़ा दी गईं। इस तरह करीब 100 गज की जमीन पर पांच मंजिला इमारत खड़ी हो गई। इमारत के ऊपरी हिस्से का इस्तेमाल PG के तौर पर किया जा रहा था, जबकि ग्राउंड फ्लोर पर दुकानें थीं, जो लंबे समय से बंद बताई जा रही हैं।

बारिश में तालाब बन जाता था बेसमेंट!

हादसे से जुड़ी जांच में एक और चौंकाने वाली बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि बारिश के दौरान इमारत का बेसमेंट पानी से भर जाता था और कई बार वहां तालाब जैसी स्थिति बन जाती थी। लगातार पानी भरने से इमारत की नींव और संरचना पर कितना असर पड़ा, यह जांच का अहम विषय है।

मायानगरी मुंबई में महाठगी: GST निपटाने के नाम पर 8 करोड़ का डाका, सरकारी खौफ दिखाकर पूर्व मैनेजर को किया कंगाल

बेसमेंट में मरम्मत के दौरान भरभराकर गिरी बिल्डिंग

हादसे के वक्त बेसमेंट में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक पूरी इमारत भरभराकर ढह गई। मलबे में कई लोग दब गए। राहत एवं बचाव अभियान में NDRF, दमकल, पुलिस, स्थानीय लोगों और DU के छात्रों ने मिलकर काम किया। घायलों को AIIMS Trauma Centre, सफदरजंग अस्पताल और आरआर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पेरिस में बना देश का पहला भव्य हिंदू मंदिर, प्राण प्रतिष्ठा में 40 देशों के दिग्गज शामिल, फ्रांस की धरती पर चमका सनातन का सूरज

PG संचालन को लेकर भी उठे सवाल

पुलिस के मुताबिक, भवन मालिक हरिओम बंसल ने पिछले वर्ष शुधांशु शुक्ला नाम के व्यक्ति को ‘हॉस्टल डेज’ PG चलाने के लिए इमारत लीज पर दी थी। हादसे के वक्त PG में काफी संख्या में छात्र मौजूद थे। हादसे में दो छात्रों समेत छह लोगों की मौत हुई है।

मालिक पर केस, पुलिस कर रही तलाश

साउथ कैंपस थाना पुलिस ने भवन मालिक हरिओम बंसल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी गुरुग्राम के सेक्टर-23 में रहता है और उसकी तलाश की जा रही है। मृतकों में छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी युवराज और अभिषेक की पहचान हुई है, जबकि अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

फिलहाल हादसे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है। अवैध निर्माण, पुरानी संरचना, बेसमेंट में पानी भरने और मरम्मत कार्य के बीच क्या कड़ी थी, इसका पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।

 

Location :  New Delhi

Published :  7 September 2026, 10:20 AM IST