
जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा देने की मांग (Img: Dynamite News)
New Delhi: राजधानी दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन के बीच अब संसद मार्ग पर जम्मू-कश्मीर के लोगों ने भी मोर्चा खोल दिया है। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारी संसद मार्ग पर एकत्र होकर जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने की मांग कर रहे हैं। प्रदर्शन स्थल पर लगातार नारेबाजी जारी है और प्रदर्शनकारी केंद्र सरकार से अपना वादा पूरा करने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जम्मू-कश्मीर से चुने गए सभी नेशनल कॉन्फ्रेंस के विधायक और कार्यकर्ता जंतर-मंतर पहुंचकर जनता के साथ खड़े हों। उनका आरोप है कि जम्मू-कश्मीर से उसका राज्य का दर्जा छीन लिया गया और लोगों के साथ विश्वासघात हुआ। उनका कहना है कि देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है जब किसी राज्य का दर्जा वापस लिया गया।
ये भी पढ़ें - BIG News on CJP Protest: जंतर मंतर पर सीजेपी प्रदर्शन में लाठीचार्ज, जानिये पूरा मामला
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने अपने फैसले के दौरान स्पष्ट किया था कि पहले विधानसभा चुनाव कराए जाएंगे और उसके बाद जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल किया जाएगा। उनका आरोप है कि चुनाव होने के काफी समय बाद भी राज्य का दर्जा बहाल नहीं किया गया है।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने यह भी कहा कि संसद और केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर की जनता से राज्य का दर्जा वापस देने का वादा किया था, लेकिन अब तक उसे पूरा नहीं किया गया। उनका कहना है कि वे अपने संवैधानिक अधिकार की मांग को लेकर संसद मार्ग पहुंचे हैं और राज्य का दर्जा बहाल होने तक अपनी आवाज उठाते रहेंगे।
फिलहाल संसद मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। CJP प्रदर्शन के बीच जम्मू-कश्मीर के इस विरोध प्रदर्शन ने दिल्ली पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था बनाए रखने की एक और चुनौती खड़ी कर दी है। वहीं, पुलिस की ओर से प्रदर्शन को लेकर आगे क्या कार्रवाई की जाएगी, इस पर सभी की नजर बनी हुई है।
Location : New Delhi
Published : 20 July 2026, 12:58 PM IST