Delhi News: मौजपुर का प्ले स्कूल सील, फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट नहीं मिला; बेसमेंट में चल रही थीं बच्चों की क्लास

दिल्ली के मौजपुर स्थित मकुन्स किड्स अनप्लग्ड प्ले स्कूल को प्रशासन ने सील कर दिया है। जांच में फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट, इमरजेंसी एग्जिट, बिल्डिंग अप्रूवल और सुरक्षा व्यवस्था में कई खामियां सामने आईं। बच्चे के साथ कथित शोषण मामले में POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 1 September 2026, 10:15 AM IST
google-preferred

नई दिल्ली: उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौजपुर इलाके में स्थित ‘मकुन्स किड्स अनप्लग्ड’ प्ले स्कूल को प्रशासन ने सील कर दिया है। हाल ही में स्कूल में 3 साल के मासूम बच्चे के साथ कथित हैवानियत और शारीरिक शोषण का मामला सामने आया था। इसके बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के निर्देश पर यमुना विहार के एसडीएम की टीम ने स्कूल परिसर का निरीक्षण किया और गंभीर अनियमितताएं मिलने के बाद यह कार्रवाई की।

सुरक्षा में बड़ी लापरवाहियां

प्रशासनिक टीम ने स्कूल का औचक निरीक्षण किया तो बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कई नियमों की अनदेखी सामने आई। जांच में पता चला कि स्कूल के पास फायर सेफ्टी सर्टिफिकेट मौजूद नहीं था।

इसके अलावा परिसर में रखा गया एकमात्र फायर एक्सटिंग्विशर भी खराब हालत में मिला। अधिकारियों के अनुसार, किसी आपात स्थिति में बच्चों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजाम नहीं किए गए थे।

बेसमेंट में चल रही थीं कक्षाएं

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पाया कि स्कूल में इमरजेंसी एग्जिट और सीढ़ियों को सामान रखकर ब्लॉक किया गया था। इससे आपदा की स्थिति में बच्चों और स्टाफ के बाहर निकलने में परेशानी हो सकती थी।

वहीं, दिल्ली म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन एक्ट के नियमों का उल्लंघन करते हुए स्कूल की कक्षाएं बेसमेंट में संचालित की जा रही थीं। बेसमेंट में हवा और रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था भी नहीं थी।

बिना अप्रूव्ड बिल्डिंग प्लान के चल रहा था स्कूल

जांच में यह भी सामने आया कि स्कूल प्रबंधन के पास स्वीकृत बिल्डिंग प्लान, कंप्लीशन सर्टिफिकेट और ऑक्यूपेंसी सर्टिफिकेट नहीं था।

इसके अलावा परिसर में बिना अनुमति के बोरवेल लगाया गया था। प्रशासन ने यह भी पाया कि आवासीय क्षेत्र में कमर्शियल गतिविधि संचालित की जा रही थी।

किचन में घरेलू LPG सिलेंडर का इस्तेमाल

स्कूल की पहली मंजिल पर बनी किचन में घरेलू LPG सिलेंडर का इस्तेमाल किया जा रहा था। अधिकारियों ने इसे भी सुरक्षा मानकों का उल्लंघन बताया।

बच्चे के साथ हुई घटना और स्कूल में मिली गंभीर खामियों को देखते हुए प्रशासन ने स्कूल को पूरी तरह बंद कर दिया है।

POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज

मासूम बच्चे के साथ कथित शोषण मामले में पुलिस ने POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और आगे की जांच जारी है।

प्रशासन का कहना है कि बच्चों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  1 September 2026, 10:12 AM IST

Advertisement