
दिल्ली-एनसीआर में आंधी-बारिश से मिली राहत (Img- Internet)
New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी से गुरुवार को लोगों को बड़ी राहत मिली। दिनभर उमस और गर्मी के बाद शाम के समय अचानक मौसम ने करवट ली और तेज आंधी, तूफान तथा भारी बारिश ने राजधानी समेत आसपास के इलाकों का मौसम पूरी तरह बदल दिया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने पहले ही खराब मौसम को लेकर रेड अलर्ट जारी किया था।
गुरुवार को दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश दर्ज की गई। आंधी के कारण कई जगह पेड़ गिरने और दीवार ढहने की घटनाएं सामने आईं। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार के जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं मिली। अचानक बदले मौसम के चलते कई प्रमुख सड़कों पर ट्रैफिक जाम की स्थिति भी देखने को मिली।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान दिल्ली का न्यूनतम तापमान 27 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच और अधिकतम तापमान 39 से 41 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। गुरुवार को अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इस अवधि में अधिकतम तापमान में लगभग 1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं दक्षिण-पूर्वी हवाएं 10 से 15 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चलीं, जबकि झोंकों के दौरान इनकी गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई।
अचानक आए तूफान ने नोएडा को क्यों बना दिया तबाही का शहर? 400 पेड़ गिरे, देखिए मौसम अपडेट
IMD के अनुसार शुक्रवार को दिल्ली में न्यूनतम तापमान 23 से 25 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान लगभग 36 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। पूरे दिन आसमान में बादल छाए रह सकते हैं। सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है। हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा रहने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर झोंकों की गति 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। शाम और रात में भी हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों के दौरान दिल्ली के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इसके बाद तापमान में फिर धीरे-धीरे 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की संभावना है। वहीं न्यूनतम तापमान में अगले 24 घंटों के दौरान करीब 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आ सकती है। ऐसे में आने वाले कुछ दिनों तक सुबह और रात के समय मौसम अपेक्षाकृत सुहावना बना रह सकता है।
Location : New Delhi
Published : 5 June 2026, 7:34 AM IST