पश्चिमी विक्षोभ के असर से बदला उत्तर भारत का मौसम, जानिए अगले दो दिन क्या होगा?

पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आई नम हवाओं के असर से दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तराखंड समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में तेज आंधी और बारिश हुई। इससे भीषण गर्मी से राहत मिली, जबकि कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि और फसलों को नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 16 June 2026, 8:24 AM IST

New Delhi: हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हुए नए पश्चिमी विक्षोभ और मानसून की नम हवाओं के प्रभाव से सोमवार को दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदला नजर आया। तेज आंधी, धूलभरी हवाओं और बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। मौसम विभाग के अनुसार यह बदलाव पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से आ रही नमी से भरी दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के संयुक्त असर का परिणाम है।

दिल्ली में 93 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवा

राजधानी दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार दोपहर तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। दोपहर के समय हवा की अधिकतम रफ्तार 93 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच गई। अपराह्न 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे के बीच हुई बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई और लोगों को उमस व गर्मी से राहत महसूस हुई।

मौसम विभाग के अनुसार शाम 5:30 बजे तक पालम क्षेत्र में नौ मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जो राजधानी में सबसे अधिक रही। विभाग ने मंगलवार को भी गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Vision India PDA में अखिलेश यादव के कई बड़े ऐलान, बोले- जनता की राय से तय होगा हमारा 2027 का चुनावी एजेंडा

चक्रवाती हवाओं और नमी ने बदला मौसम

मौसम विशेषज्ञ के अनुसार पंजाब, हरियाणा और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हुआ था। इसी के कारण दिल्ली और आसपास के इलाकों में बारिश हुई। उन्होंने बताया कि अरब सागर से आने वाली नमी से भरी हवाओं ने मौसम प्रणाली को और मजबूत किया, जिससे पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कई हिस्सों में वर्षा हुई।

विशेषज्ञ ने कहा कि अगले दो दिनों तक मौसम का यह सिलसिला जारी रह सकता है, हालांकि इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।

गुरुग्राम में झमाझम बारिश, नोएडा में धूलभरी आंधी

दिल्ली से सटे गुरुग्राम और हरियाणा के अन्य क्षेत्रों में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं नोएडा में तेज हवाओं के साथ धूल का गुबार छा गया, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई। मौसम विभाग ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है, जबकि प्रदेश का पूर्वी हिस्सा फिलहाल शुष्क रहने की उम्मीद है।

UP Weather Alert: आखिर किन 14 जिलों पर मंडरा रहा बड़ा खतरा? IMD की चेतावनी ने बढ़ाई चिंता

राजस्थान, हिमाचल और उत्तराखंड में भी बदला मौसम

राजस्थान में सोमवार सुबह तक कई स्थानों पर तेज आंधी के साथ हल्की से मध्यम बारिश हुई। झालावाड़ जिले के खानपुर में सबसे अधिक 51 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में भारी ओलावृष्टि हुई, जबकि किन्नौर जिले में ओलों के कारण सेब की फसल को नुकसान पहुंचने की खबरें हैं। मौसम विभाग ने राज्य में 21 जून तक मौसम खराब बने रहने का अनुमान जताया है। वहीं उत्तराखंड के कई हिस्सों में भी पिछले 24 घंटों के दौरान हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।

Location :  New Delhi

Published :  16 June 2026, 7:36 AM IST