हिंदी
दिल्ली के लोधी कॉलोनी के घर में लगी आग (Img: AI Generated Image)
New Delhi: राजधानी दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। एक घर की तीसरी मंजिल पर अचानक लगी भीषण आग ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। आग इतनी तेजी से फैली कि घर में मौजूद महिला और उसकी दो बेटियों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल सका। घटना के बाद पूरे इलाके में मातम का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 10 बजकर 21 मिनट पर पुलिस कंट्रोल रूम को एक महिला की घबराई हुई कॉल मिली। महिला ने फोन पर बताया कि घर में आग लग गई है और वे अंदर फंस गए हैं। उसने मदद भेजने की गुहार लगाई, लेकिन कुछ ही देर बाद कॉल कट गई। इसके बाद पुलिस और दमकल विभाग तुरंत हरकत में आए और मौके के लिए रवाना हुए।
ये भी पढ़ें- इश्क में अंधी पत्नी ने उजाड़ा अपना ही घर, मौसेरे भाई संग मिलकर अपने ही घर में रची ये साजिश और किया बड़ा नाटक
लोधी कॉलोनी के बी ब्लॉक में पहुंचते ही दमकल कर्मियों ने देखा कि घर की ऊपरी मंजिल से धुएं का भारी गुबार निकल रहा था। आग काफी फैल चुकी थी और अंदर जाना बेहद मुश्किल था। दमकल की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घर का दरवाजा तोड़ा और बचाव अभियान शुरू किया। हालांकि, जब टीम अंदर पहुंची तो वहां का दृश्य बेहद दर्दनाक था। कमरे के अंदर 45 वर्षीय महिला और उसकी दो बेटियां, जिनकी उम्र करीब 7 और 13 साल बताई जा रही है, बुरी तरह झुलसी हुई हालत में मिलीं। तीनों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आग अचानक इतनी तेजी से फैली कि परिवार को बाहर निकलने का समय नहीं मिल पाया। आसपास के लोगों ने भी मदद की कोशिश की, लेकिन आग की लपटें काफी तेज थीं। दमकल कर्मियों ने काफी देर तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। फिलहाल मौके पर कूलिंग ऑपरेशन चलाया गया, ताकि दोबारा आग फैलने का खतरा न रहे।
ये भी पढ़ें- 4 दिन, 1 गुनाह और खौफनाक अंत, जानिए कैसे भाई का कातिल खुद पहुंचा मौत के मुहाने पर?
दमकल विभाग और पुलिस ने घटना के बाद जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए हैं और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।
तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग किस जगह से शुरू हुई और इतनी तेजी से कैसे फैल गई।
Location : New Delhi
Published : 21 July 2026, 1:58 PM IST