CJP Protest: कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर प्रदर्शन की मंजूरी कैसे मिली और क्या है पूरा विवाद

दिल्ली पुलिस ने कॉकरोच जनता पार्टी को जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति दी है। संगठन नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के खिलाफ आंदोलन तेज हो गया है। संस्थापक अभिजीत दिपके केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 6 June 2026, 10:11 AM IST

New Delhi: दिल्ली पुलिस ने ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) को जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति दे दी है। यह अनुमति उस समय सामने आई जब संगठन ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए संसद मार्ग थाने के बाहर शनिवार सुबह 9 बजे इकट्ठा होने की अपील की थी। पुलिस की मंजूरी के बाद अब प्रस्तावित आंदोलन के रास्ते में कोई कानूनी अड़चन नहीं बची है।

हाई कोर्ट में याचिका पर तत्काल सुनवाई से इनकार

इस मामले से जुड़ी एक याचिका पर दिल्ली हाई कोर्ट ने तत्काल सुनवाई करने से इनकार कर दिया। अदालत ने स्पष्ट किया कि याचिका पर नियत समय के अनुसार सुनवाई की जाएगी। इसके बाद प्रदर्शन को लेकर किसी तरह की कानूनी रोक नहीं रही और कार्यक्रम आगे बढ़ने का रास्ता साफ हो गया।

नेतृत्व और मांगें

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके इस प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है। यह मांग नीट पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर की जा रही है। अभिजीत दीपके अमेरिका के बोस्टन से भारत पहुंचे और उन्होंने आंदोलन में शामिल होने की अपील की।

CJP Protest: जंतर-मंतर पर CJP का बड़ा प्रदर्शन आज, छात्रों के मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगने की तैयारी

अभिजीत दीपके की अपील

अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए अपने समर्थकों से जंतर-मंतर पहुंचने का आग्रह किया। उन्होंने लिखा कि लोग अपने साथ किताब और तिरंगा लेकर आएं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पुलिसकर्मियों को फूल भेंट कर सहानुभूति और कृतज्ञता व्यक्त की जाए। उनका कहना है कि यह आंदोलन प्रेम और शांति के साथ संचालित किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था कड़ी

दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। संसद मार्ग थाना क्षेत्र के साथ-साथ अन्य संवेदनशील इलाकों में भी पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। अधिकारियों के अनुसार कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है।

उच्च सुरक्षा और पुलिस तैनाती

प्रदर्शन के मद्देनजर प्रधानमंत्री, गृह मंत्री और शिक्षा मंत्री समेत कई मंत्रियों के सरकारी आवासों के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। नई दिल्ली क्षेत्र में 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिस ने अपने जवानों को निर्देश दिया है कि प्रदर्शनकारियों के साथ किसी भी तरह का टकराव न हो और स्थिति को बातचीत के जरिए संभाला जाए।

CJP Protest Live Update: अभिजीत दिपके से झारखंड का युवक पूछेगा सवाल, पुलिस का सख्त पहरा, CJP प्रदर्शन पर जानिये ताजा अपडेट

जोन में विभाजित की गई सुरक्षा व्यवस्था

दिल्ली पुलिस ने पूरे केंद्रीय दिल्ली क्षेत्र को 12 जोन में विभाजित किया है। प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी डीसीपी रैंक के अधिकारी को सौंपी गई है। सभी जिला और यूनिट डीसीपी को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

संभावित असर और निगरानी

पुलिस ने आशंका जताई है कि प्रदर्शन के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है और कानून-व्यवस्था से जुड़ी चुनौतियां सामने आ सकती हैं। इसी को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और हर गतिविधि की निगरानी की जा रही है।

Location :  New Delhi

Published :  6 June 2026, 10:02 AM IST