कैब ड्राइवर ने पत्नी समेत ली 7 लोगों की जान, सच तलाश रही है पुलिस

45 साल के कैब ड्राइवर शेखर उर्फ इंदुशेखर पर अपनी पत्नी सहित परिवार के सात लोगों की हत्या करने का आरोप है। आरोपी ने दो दिनों के दौरान राजाजीनगर स्थित अपने घर पर परिवार के सात सदस्यों को अलग-अलग बुलाया। आरोप है कि उसने सिलबट्टे के पत्थर से एक-एक कर सभी की हत्या कर दी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 6 November 2026, 12:23 PM IST

Benguluru: कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां 45 साल के कैब ड्राइवर शेखर उर्फ इंदुशेखर पर अपनी पत्नी सहित परिवार के सात लोगों की हत्या करने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है। नॉर्थ बेंगलुरु के डीसीपी के मुताबिक, आरोपी ने खुद सात लोगों की हत्या करने की बात कबूल की है। हालांकि, पुलिस उसके दावे की जांच कर रही है और घटना से जुड़े सभी सबूत जुटाए जा रहे हैं। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। उसे पत्नी के परिवार के लोगों की दखलंदाजी भी पसंद नहीं थी। इसी नाराजगी में उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। जांच के अनुसार, आरोपी ने दो दिनों के दौरान राजाजीनगर स्थित अपने घर पर परिवार के सात सदस्यों को अलग-अलग बुलाया। आरोप है कि उसने सिलबट्टे के पत्थर से एक-एक कर सभी की हत्या कर दी। वारदात के बाद कुछ शवों को अलग-अलग जगहों पर फेंकने की बात भी सामने आई है। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

पत्नी और रिश्तेदारों समेत सात लोगों की गई जान

इस घटना में आरोपी की पत्नी सुनीता, सास रूपावती, साले शिवकुमार और शंकर की मौत हुई है। इसके अलावा परिवार की दो महिलाएं दिव्या और नलिनी तथा सात साल के बच्चे पुनीत की भी जान चली गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने कथित तौर पर सभी को अलग-अलग समय पर अपने घर बुलाया और फिर उनकी हत्या कर दी। इस वारदात में एक मासूम बच्चे की मौत ने मामले को और भी दर्दनाक बना दिया है। बच्चे का शव चिक्कबल्लापुर जिले में नंदी हिल्स के पास मिला। पुलिस सभी सात लोगों की मौत से जुड़े सबूत जुटा रही है और मामले की जांच जारी है।

अपने ही परिवार के लोगों को उतारी मौत को घाट(AI Generated ig)

20 साल की शादी में बढ़ी दूरियां, पारिवारिक झगड़ा बना वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि शेखर और सुनीता की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी। पिछले कई समय से दोनों के बीच किसी न किसी बात को लेकर झगड़े होते रहते थे। बताया जा रहा है कि जब भी पति-पत्नी के बीच विवाद होता था, सुनीता के मायके वाले बीच में आते थे और उसका साथ देते थे। पुलिस को शक है कि शेखर को परिवार के लोगों का इस तरह बीच में आना पसंद नहीं था। उसे लगता था कि उसकी पत्नी के घरवाले उसकी निजी जिंदगी में दखल दे रहे हैं। इसी बात को लेकर उसके मन में नाराजगी बढ़ती जा रही थी। आरोप है कि इसी गुस्से में उसने पत्नी के परिवार के लोगों को निशाना बनाने की योजना बनाई। हालांकि, आरोपी ने आखिर इस खौफनाक कदम को क्यों उठाया और वारदात की पूरी कहानी क्या है, इसका पता पुलिस की जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

पार्टी के बहाने सालों को घर बुलाया, फिर उतार दिया मौत के घाट

पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी शेखर ने अपने दोनों सालों शिवकुमार और शंकर को घर पर पार्टी करने के बहाने बुलाया था। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद उसने दोनों की हत्या कर दी। इसके बाद उसने अपनी सास रूपावती और परिवार की दूसरी महिलाओं को भी निशाना बनाया। जांच में पुलिस को शक है कि आरोपी ने सबसे पहले अपनी पत्नी सुनीता की जान ली थी। इसके बाद उसने परिवार के बाकी सदस्यों की हत्या की। हालांकि, अभी यह साफ नहीं हुआ है कि सभी हत्याएं कब और किस क्रम में की गईं। पुलिस इस बारे में जानकारी जुटा रही है और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में लगी है।

एक महिला की गुमशुदगी से सामने आया सात लोगों की हत्या का मामला

इस पूरे मामले का पता तब चला, जब नलिनी अचानक लापता हो गई। काफी समय तक उसकी कोई जानकारी नहीं मिलने पर उसकी मां ने श्रीरामपुरा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने नलिनी की तलाश शुरू की और मामले की जांच में जुट गई। जांच के दौरान पुलिस को शेखर पर शक हुआ। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि पूछताछ में आरोपी ने कई हत्याओं में अपनी भूमिका के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस के सामने सात लोगों की हत्या का मामला आया। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

नंदी हिल्स के पास मिला मासूम का शव, बाकी शवों की तलाश जारी

पुलिस की जांच में पता चला है कि हत्या के बाद आरोपी ने कुछ शवों को अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया था। सात साल के पुनीत का शव चिक्कबल्लापुर जिले में नंदी हिल्स के पास मिला। वहीं, पुलिस बाकी शवों के बारे में भी जानकारी जुटा रही है। जांच टीम उन जगहों का पता लगाने में लगी है, जहां आरोपी ने शवों को छिपाया या फेंका हो सकता है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Location :  New Delhi

Published :  6 November 2026, 12:23 PM IST