
डिप्लोमेसी की टेबल पर सजेगा देसी जायका (Img- X)
New Delhi: राजधानी दिल्ली में 12 और 13 सितंबर को आयोजित हो रहे 18वें ब्रिक्स लीडर्स समिट (BRICS Leaders' Summit) के लिए तैयारियां अंतिम चरण में हैं। जहां एक तरफ विदेशी मेहमानों और वैश्विक नेताओं की सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं, वहीं दूसरी तरफ 'स्वाद की कूटनीति' (Culinary Diplomacy) के जरिए भारत की विविधता को विदेशी प्रतिनिधियों के दिल तक पहुंचाने की खास रणनीति तैयार की गई है। दिल्ली के लग्जरी होटलों ने इस बार विदेशी खान-पान के बजाय भारत की समृद्ध और पारंपरिक रसोइयों के व्यंजनों को केंद्र में रखा है।
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान दिल्ली के पांच सितारा और लग्जरी होटलों में ठहराए गए वैश्विक नेताओं के सामने केवल अंतरराष्ट्रीय व्यंजन ही नहीं, बल्कि भारत की मिट्ठी और संस्कृति से जुड़ा खाना भी परोसा जाएगा। होटलों ने अपने मेन्यू में अवध के मशहूर नरम गलौटी कबाब और पारंपरिक तंदूरी ब्रेड्स को शामिल किया है।
इसके अलावा, सेहत और परंपरा का ध्यान रखते हुए भारत के मोटे अनाजों (मिलेट्स) से बने विशेष व्यंजनों जैसे मिलेट कुकीज, ज्वार-बाजरे के ग्रेनोला बार और वेलनेस ड्रिंक्स को भी जगह दी गई है, जो भारतीय भोजन के आधुनिक और स्वस्थ स्वरूप को पेश करेंगे।
इस बार की सबसे अनोखी पहल 'ट्रेडीशनल टू टेबल' (Traditional to Table) थीम पर आधारित है। विदेशी प्रतिनिधियों को भारत के अलग-अलग कोनों से परिचित कराने के लिए एक ही प्लेट में छह राज्यों के प्रसिद्ध स्नैक्स परोसे जाएंगे।
इसमें कश्मीर के मसालेदार अखरोट, पुरानी दिल्ली के खास मैदा काजू, महाराष्ट्र की खट्टी-मीठी भाकरवड़ी, राजस्थान की मिनी दाल कचौरी, बंगाल की कुचो निमकी और तमिलनाडु का करकरा मुरुक्कू शामिल है। यह प्रस्तुति विदेशी मेहमानों को भारत के खान-पान की विविधता का एक साथ अनुभव कराएगी।
खाने का स्वाद जितना जरूरी है, उसकी प्रस्तुति (Presentation) भी उतनी ही खास रखी गई है। दिल्ली के एक प्रमुख होटल ने ब्रिक्स मेहमानों के लिए हस्तनिर्मित 'खाने योग्य कमल' (Edible Lotus) तैयार किया है।
BRICS Summit 2026: मोदी की Global Diplomacy का दिखा असर, रूस-चीन से खाड़ी तक मजबूत हुए रिश्ते
इसे गुलाब, असली केसर और इलायची के प्राकृतिक स्वादों से तैयार किया गया है। भारत के राष्ट्रीय फूल कमल के आकार में बनाई गई यह अनूठी स्वीट डिश न सिर्फ भारतीय कला और मसालों की महक को दर्शाती है, बल्कि विदेशी नेताओं के लिए एक यादगार अनुभव साबित होगी।
Location : New Delhi
Published : 11 September 2026, 3:46 PM IST