BRICS Summit 2026: 11 सितंबर को दिल्ली में थम जाएगी सरकारी दफ्तरों की रफ्तार? जानिए ट्रैफिक और सुरक्षा का पूरा प्लान

BRICS Summit 2026 के चलते 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालय बंद रहेंगे। दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। सीमाओं पर चेकिंग, संदिग्ध लोगों और वाहनों की निगरानी के साथ ड्रोन पर भी नजर रहेगी। आम लोगों की सुविधा के लिए ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था होगी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 September 2026, 12:24 PM IST

New Delhi: राजधानी दिल्ली में 11 से 13 सितंबर तक होने वाले 18वें BRICS शिखर सम्मेलन को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। सम्मेलन के चलते 11 सितंबर को नई दिल्ली स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों में अवकाश रहेगा। कार्मिक मंत्रालय की ओर से इस संबंध में आदेश जारी किया गया है। वहीं, सम्मेलन के दौरान वाहनों की आवाजाही को लेकर ट्रैफिक एडवायजरी भी जारी की गई है।

11 सितंबर को केंद्र सरकार के दफ्तर रहेंगे बंद

BRICS सम्मेलन के मद्देनजर नई दिल्ली क्षेत्र में स्थित केंद्र सरकार के कार्यालयों में 11 सितंबर को छुट्टी रहेगी। इसका उद्देश्य सम्मेलन के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है। इस दौरान राजधानी के कई महत्वपूर्ण इलाकों में सामान्य दिनों की तुलना में सुरक्षा और यातायात प्रतिबंध अधिक सख्त रह सकते हैं।

दिल्ली पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा की तैयारी

सम्मेलन को सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए दिल्ली पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में दिल्ली पुलिस मुख्यालय में हाई-लेवल अंतरराज्यीय बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार ने की। इसमें हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश, राजस्थान और चंडीगढ़ के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी शामिल हुए।

बॉर्डर पर बढ़ेगी चेकिंग, संदिग्धों पर नजर

बैठक में दिल्ली से लगे राज्यों की सीमाओं पर सुरक्षा और चेकिंग को लेकर रणनीति पर चर्चा हुई। अधिकारियों ने ट्रैफिक मैनेजमेंट, संदिग्ध लोगों और वाहनों के वेरिफिकेशन से जुड़े इनपुट साझा किए। इसके अलावा खुले क्षेत्रों से ड्रोन या अन्य उड़ने वाली वस्तुओं की आवाजाही रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया।

आम लोगों को कम से कम परेशानी देने की तैयारी

पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के साथ आम जनता को कम से कम परेशानी हो। ट्रैफिक डायवर्जन और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी रेडियो, सोशल मीडिया, टीवी और अखबारों के जरिए पहले से लोगों तक पहुंचाई जाएगी।

आखिर अचानक क्यों बदलीं कुर्सियां? 6 तहसीलदारों का ट्रांसफर; जानिए किस अफसर का बदला इलाका और किसे मिली मलाईदार पोस्ट!

वैकल्पिक रास्तों पर पार्किंग और अतिक्रमण की भी निगरानी

NCR में ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर भी एडवाइजरी जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। वैकल्पिक मार्गों को अतिक्रमण मुक्त रखने और वहां पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। पुलिस का मकसद सम्मेलन के दौरान वीआईपी मूवमेंट और आम यातायात के बीच बेहतर तालमेल बनाए रखना है।

जाफर सादिक मनी लॉन्ड्रिंग केस: सुप्रीम कोर्ट ने ED की याचिका खारिज की, मद्रास HC की जमानत बरकरार

13 सितंबर तक सुरक्षा रहेगी कड़ी

BRICS शिखर सम्मेलन 11 से 13 सितंबर तक दिल्ली में आयोजित होगा। ऐसे में इन तीन दिनों के दौरान राजधानी और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रहेगी। लोगों से अपील की जा रही है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवायजरी जरूर देखें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें।

Location :  New Delhi

Published :  4 September 2026, 11:43 AM IST