NTA में अब तक का सबसे बड़ा फेरबदल: चार स्तरीय सुरक्षा से जांचेंगे पेपर, CISF के हवाले होंगे दफ्तर

नीट (NEET) और यूजीसी-नेट (UGC-NET) जैसी बड़ी परीक्षाओं में धांधली और पेपर लीक के विवादों के बाद केंद्र सरकार ने राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) का कायाकल्प करने का बड़ा फैसला लिया है। नई प्रणाली के तहत 600 विशेषज्ञों को हटाकर नई टीम गठित की जा रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 19 August 2026, 12:17 PM IST

New Delhi: शिक्षा मंत्रालय के निर्देशों के बाद NTA के परीक्षा पैनल में भारी फेरबदल किया जा रहा है। व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुराने 600 विषय विशेषज्ञों (सब्जेक्ट एक्सपर्ट्स) की छुट्टी कर दी गई है और उनकी जगह नए विशेषज्ञों को शामिल किया जा रहा है।

600 विषय विशेषज्ञों की छुट्टी

इसके अलावा, अगले कुछ हफ्तों में मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (CTO), मुख्य सूचना सुरक्षा अधिकारी (CISO), और टेस्ट सिक्योरिटी के महाप्रबंधक जैसे उच्च स्तर के 20 से 25 नए अधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी, जो तकनीक और सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे।

यह भी पढ़ें: Paper Leak Case: शिक्षा मंत्री का NTA के खिलाफ बड़ा एक्शन, 50 से अधिक कर्मचारी हटाए गये, कई रडार पर 

चार स्तरीय जांच से गुजरेगा प्रश्नपत्र

भविष्य में किसी भी तरह के पेपर लीक या अनियमितता को रोकने के लिए 'फोर-लेयर पेपर चेकिंग सिस्टम' (चार स्तरीय सुरक्षा जांच) लागू किया जा रहा है।

इस नई व्यवस्था के तहत प्रश्नपत्रों की तैयारी, प्रिंटिंग और वितरण से लेकर मूल्यांकन तक हर चरण की चार अलग-अलग स्तरों पर गहन निगरानी की जाएगी। इसके अलावा गोपनीय संचालन वाले कमरों, डिवाइसेस को जमा करने के नियमों और एयर-गैप्ड कंप्यूटर प्रणालियों से जुड़े सुरक्षा प्रोटोकॉल को और अधिक कड़ा बनाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें: NEET UG Result 2026: आखिर किस पर भरोसा करें? रिजल्ट पर उठे बड़े सवाल, छात्रों के दावों और NTA के जवाब से बढ़ा विवाद

मिंटो रोड शिफ्ट होगा NTA मुख्यालय, CISF संभालेगी सुरक्षा

NTA के परिसरों की भौतिक सुरक्षा को अभेद्य बनाने के लिए बड़े कदम उठाए जा रहे हैं। नई दिल्ली में ओखला स्थित NTA कार्यालय को जल्द ही मिंटो रोड स्थित नए परिसर में स्थानांतरित किया जाएगा।

नए परिसरों की सुरक्षा का पूरा जिम्मा केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के पास होगा। उल्लेखनीय है कि नीट विवाद के बाद से अब तक 50 से अधिक अधिकारियों पर गाज गिर चुकी है, और अब यह पूरी कार्रवाई परीक्षा एजेंसी पर छात्रों के भरोसे को फिर से बहाल करने की दिशा में उठाई गई है।

Location :  New Delhi

Published :  19 August 2026, 12:17 PM IST