
केंद्रीय विद्यालय के पास विस्फोट से मचा हड़कंप
New Delhi: ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर में उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब केंद्रीय विद्यालय–3 के पास अचानक एक बम विस्फोट हो गया। यह घटना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दौरे और विधानसभा सत्र के बीच हुई, जिससे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। हालांकि राहत की बात यह है कि धमाके के वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।
धमाके की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंच गई। जांच एजेंसियां विस्फोट के प्रकार, उसके पीछे की मंशा और संभावित संदिग्धों की पहचान में जुटी हैं।
घटना जिस विद्यालय में हुई, उसके पास से लगभग आधे किलोमीटर के दायरे में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि यह पता चल सके कि विस्फोटक किसने और किस उद्देश्य से स्कूल गेट पर फेंका।
अखिलेश यादव का बड़ा कदम: अब SIR प्रक्रिया पर नजर रखेगी समाजवादी पार्टी, हर जिले में बनाई टीम
विस्फोट का मामला ओडिशा विधानसभा में भी गूंज उठा। विपक्षी दलों ने घटना की वास्तविकता उजागर करने और सुरक्षा चूक की जांच की मांग की। विधानसभा अध्यक्ष सुरमा पाढ़ी ने कहा कि स्कूल एवं जन शिक्षा मंत्री घटना की जानकारी हासिल कर सदन को विस्तृत रिपोर्ट देंगे।
मिल रही जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे अज्ञात बाइक सवार दो बदमाश आए और केंद्रीय विद्यालय–3 के गेट नंबर 3 पर बम फेंककर फरार हो गए। धमाके से गेट और बाउंड्री वॉल का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। विस्फोट के बाद धुआं उठता देखा गया, और आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।
पुलिस को यह आशंका है कि हमला पूर्व-नियोजित था। जिस तरह बाइक सवार समय और स्थान चुनकर आए और घटना के बाद तुरंत फरार हो गए, उससे साजिश की संभावना मजबूत होती दिख रही है।
Gorakhpur: डीएम ने नगर निगम में अधिकारियों संग की बैठक, एसआईआर में तेजी लाने के दिए निर्देश
विस्फोट उस वक्त हुआ जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू भुवनेश्वर में थीं और विधानसभा सत्र चल रहा था। ऐसे में सुरक्षा चूक और खुफिया तंत्र की तैयारी पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल पुलिस और NIA की संयुक्त टीम मामले की तहकीकात कर रही है। सीसीटीवी फुटेज, स्थानीय गवाहों के बयान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द ही घटना की पूरी सच्चाई सामने आने की उम्मीद है।
Location : Bhubaneswar
Published : 28 November 2025, 3:02 PM IST