
CCTV फुटेज में ASI भिखारियों से अपनी कार धुलवाते नजर आए( AI Generated img)
Bhopal: भोपाल के तलैया थाने से एक मामला सामने आया है लॉकअप से पासपोर्ट मामले में हिरासत में रखा गया विदेशी नागरिक फरार हो गया। सीसीटीवी फुटेज में ASI भिखारियों से अपनी कार धुलवाते नजर आए। पुलिस फरार नागरिक की तलाश और लापरवाही की जांच कर रही है। जिस थाने की जिम्मेदारी अपराधियों और संदिग्धों को सुरक्षित अभिरक्षा में रखने की है, उसी थाने के लॉकअप से एक विदेशी नागरिक के फरार होने का मामला सामने आया है।
विदेशी नागरिक पुलिस की निगरानी को चकमा देकर फरार हो गया। घटना शुक्रवार सुबह की बताई जा रही है। इस घटना ने थाने की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। इस मामले का सबसे चौंकाने वाला पहलू थाने के बाहर लगे CCTV कैमरे में कैद हुआ है। फुटेज में घटना के दौरान थाने का एक सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) अपनी कार भिखारियों से धुलवाते नजर आ रहे हैं। एक तरफ लॉकअप में बंद विदेशी नागरिक की निगरानी की जिम्मेदारी पुलिसकर्मियों पर थी, वहीं दूसरी तरफ थाने के बाहर पुलिसकर्मी की यह गतिविधि सामने आने से ड्यूटी के प्रति उनकी गंभीरता पर सवाल उठने लगे हैं।
सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है। सवाल उठ रहे हैं कि आखिर लॉकअप में बंद विदेशी नागरिक पुलिस की निगरानी से कैसे बच निकला? उस समय लॉकअप की सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिसकर्मी तैनात थे या नहीं? ड्यूटी पर मौजूद पुलिसकर्मी क्या कर रहे थे और विदेशी नागरिक के फरार होने की जानकारी पुलिस को कब मिली?
कोतवाली एसीपी संतोष पटेल ने बताया कि घटना शुक्रवार सुबह की है। फरार विदेशी नागरिक की तलाश की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि घटना के समय थाने में कौन-कौन से पुलिसकर्मी ड्यूटी पर थे और निगरानी में कहां चूक हुई। पुलिस अधिकारी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जिम्मेदारी तय कर संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रहे हैं।
पुलिस की निगरानी में एक विदेशी हुआ फरार(AI Generated img)
पुलिस सूत्रों के मुताबिक शुक्रवार सुबह विदेशी नागरिक ने लॉकअप से बाहर निकलने का मौका देखा और पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। फिलहाल पुलिस ने उसके संभावित ठिकानों की तलाश शुरू कर दी है। फरार विदेशी नागरिक के संबंध में आसपास के थानों को भी जानकारी दी गई है।
घटना के दौरान सीसीटीवी में नजर आ रहे एएसआई की भूमिका की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, ड्यूटी के दौरान लापरवाही बरतने पर संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई हो सकती है। हालांकि अभी इस मामले में कोई आधिकारिक कार्रवाई नहीं हुई है।
Location : Bhopal
Published : 21 November 2026, 11:55 AM IST
Topics : ASI car wash CCTV Bhopal police news Foreign national escape Passport visa case Talaiya police station