
अंकिता के माता-पिता ने CBI अधिकारियों से की मुलाकात
New Delhi: अंकिता के माता-पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और सोनी देवी शुक्रवार को राजधानी स्थित सीबीआई हेडक्वार्टर पहुंचे। उन्होंने सीबीआई के सीनियर अफसरों से मुलाकात कर अंकिता को न्याय दिलाने की मांग की। इस दौरान उनके साथ भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी भी मौजूद थे।
अंकिता भंडारी के माता-पिता ने सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से भेंट की, भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख और लोकसभा सांसद अनिल बलूनी रहे मौजूद, सीबीआई अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष एवं न्यायसंगत ढंग से प्रकरण की विवेचना करने का आश्वासन @anil_baluni https://t.co/paSqiFn13J
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) October 16, 2026
इस मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता ने जांच से जुड़े अलग-अलग पहलुओं और महत्वपूर्ण बिंदुओं से अधिकारियों को अवगत कराया। परिवार ने सीबीआई के सीनियर अधिकारियों को एक ज्ञापन भी सौंपा। इस मौके पर माता-पिता का दर्द एक बार फिर छलक उठा।
पीड़ित परिवार की बात को बेहद गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनने के बाद सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने उन्हें पूर्ण आश्वासन दिया है। केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस प्रकरण से जुड़े सभी पहलुओं का समुचित और कानूनी परीक्षण किया जाएगा। साथ ही, परिवार को भरोसा दिलाया गया है कि इस पूरे मामले की जांच पूरी तरह से निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायसंगत तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी, ताकि दोषियों को उनके किए की सही सजा मिल सके।
वहीं, अंकिता भंडारी मामले में न्याय की मांग और दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल नियुक्त किए जाने के विरोध में उत्तराखंड कांग्रेस ने देहरादून में प्रदर्शन किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बाइक रैली निकालकर मामले में निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग उठाई।
प्रदर्शन में कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत समेत कई नेता शामिल हुए। रैली के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी मामले को लेकर राज्य और केंद्र सरकार पर सवाल उठाए। पार्टी ने दुष्यंत गौतम को सिक्किम का राज्यपाल बनाए जाने पर भी आपत्ति जताई और इस फैसले के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने जांच की प्रगति सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोगों को यह जानने का अधिकार है कि मामले की जांच कहां तक पहुंची है और संबंधित सवालों पर क्या कार्रवाई की गई है। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने की मांग दोहराई।
Location : New Delhi
Published : 16 October 2026, 11:36 PM IST
Topics : Ankita Bhandari Case ankita bhandari parents cbi headquarters cbi investigation Uttarakhand News