
अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे लोग
Sahibganj: झारखंड के साहिबगंज शहर में शनिवार को आवारा कुत्तों का आतंक एक बार फिर देखने को मिला। शहर के अलग-अलग मोहल्लों में कुत्तों के झुंड ने हमला कर करीब 75 महिला, पुरुष और बच्चों को घायल कर दिया।
घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल साहिबगंज लाया गया, जहां सुबह से लेकर रात लगभग 9 बजे तक मरीजों की लंबी कतार लगी रही। अस्पताल में घायलों को प्राथमिक उपचार के साथ एंटी-रेबीज वैक्सीन दी गई।
सदर अस्पताल स्थित आयुष्मान औषधि केंद्र में कंपाउंडर जितेंद्र आजाद और उनके सहयोगी भूषण कुमार द्वारा घायलों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए गए। अस्पताल में देर रात तक टीकाकरण अभियान जारी रहा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कई महीनों से आवारा कुत्तों के काटने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन नगर परिषद और पशुपालन विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे लोगों में दहशत और नाराजगी दोनों बढ़ गई हैं।
शहरवासियों के अनुसार सुबह और शाम के समय बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है, क्योंकि कई इलाकों में आवारा कुत्तों के झुंड खुलेआम घूमते नजर आते हैं।
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद और जिला प्रशासन से आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए विशेष अभियान चलाने की मांग की है। उनका कहना है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ी घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
Location : Jharkhand
Published : 31 May 2026, 4:19 PM IST