NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में अब तक 45 लोग पकड़े, इन दोनों गैंग का नाम आया सामने

NEET UG 2026 परीक्षा पेपर लीक और गड़बड़ियों के आरोपों के बाद रद्द कर दी गई है। NTA ने CBI जांच के आदेश के साथ दोबारा परीक्षा कराने की घोषणा की है, जिससे लाखों छात्रों पर असर पड़ा है और देशभर में शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं। वहीं इस मामले में अभी तक 45 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया गया। पूरे नेटवर्क और इसके दूसरे राज्यों से जुड़े लिंक की भी जांच जारी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 May 2026, 2:01 PM IST

New Delhi: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 एक बार फिर विवादों के अंधेरे में घिर गई है। पेपर लीक और गेस पेपर जैसे गंभीर आरोपों ने परीक्षा प्रणाली की नींव हिला दी है। जिस परीक्षा पर लाखों छात्रों का भविष्य टिका था। वह अब शक, जांच और सवालों के घेरे में आ चुकी है। इस मामले में अभी तक 45 से ज्यादा लोगों को पकड़ा गया है। इस मामले में मनीष यादव और अविनाश लांबा गैंग का नाम सामने आ रहा है। इस पर NEET ‘गेस पेपर’ लीक कराने का आरोप है।

परीक्षा रद्द का बड़ा फैसला

National Testing Agency (NTA) ने आखिरकार NEET UG 2026 को रद्द करने का ऐलान कर दिया है। यह फैसला केंद्रीय एजेंसियों से मिली रिपोर्ट के आधार पर लिया गया, जिसमें परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल उठाए गए थे। 3 मई को हुई इस परीक्षा में करीब 22 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया था, लेकिन सिर्फ कुछ ही दिनों में पूरा सिस्टम विवादों में आ गया।

कैसे बढ़ा मामला?

7 मई के बाद कई छात्रों ने सवालों में समानता और पेपर लीक जैसी शिकायतें दर्ज कराईं। धीरे-धीरे यह मामला राजस्थान पुलिस और अन्य जांच एजेंसियों तक पहुंचा, जहां 100 से ज्यादा सवालों की समानता की जांच शुरू हुई। इसके बाद गिरफ्तारी और राजनीतिक दबाव ने मामले को और गंभीर बना दिया।

जांच CBI को सौंप दी

सरकार ने अब पूरे मामले की जांच Central Bureau of Investigation को सौंप दी है। एजेंसियों की रिपोर्ट में परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी की आशंका जताई गई, जिसके बाद NTA ने माना कि परीक्षा को जारी रखना संभव नहीं था।

बार-बार परीक्षा विवाद छात्रों के भविष्य से खिलवाड़

कांग्रेस नेता Sachin Pilot ने इस पूरे मामले पर सवाल उठाते हुए कहा कि बार-बार परीक्षा विवाद छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ है। उन्होंने जांच एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर भी चिंता जताई और कहा कि युवाओं की मेहनत इस तरह बर्बाद नहीं होनी चाहिए।

दोबारा परीक्षा का ऐलान

NTA ने साफ किया है कि परीक्षा दोबारा कराई जाएगी, और इस बार पुराने रजिस्ट्रेशन, डेटा और फीस ही मान्य रहेंगे। छात्रों को दोबारा आवेदन नहीं करना होगा। जल्द ही नई परीक्षा तारीखों की घोषणा की जाएगी।

Location :  New Delhi

Published :  12 May 2026, 2:01 PM IST