250 साल पहले आज की ही तारीख में कैसे आजाद हुआ था दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश

ठीक 250 साल पहले, 4 जुलाई 1776 को अमेरिका ने ब्रिटेन से अपनी आज़ादी का ऐलान किया था। कभी 13 ब्रिटिश कॉलोनियों का समूह रहा यह देश, लंबे संघर्ष, एकता और लोकतांत्रिक आदर्शों की बदौलत आज दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्ति बन गया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 July 2026, 12:47 PM IST

New Delhi: आज दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश माने जाने वाला अमेरिका कभी ब्रिटेन की 13 छोटी-छोटी कॉलोनियों का समूह था। 4 जुलाई 1776 को इन कॉलोनियों ने ब्रिटिश शासन के खिलाफ विद्रोह करते हुए स्वतंत्रता की घोषणा की। आज, 4 जुलाई 2026 को अमेरिका अपनी आजादी के 250 वर्ष पूरे कर रहा है। यह केवल एक राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि विश्व इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक माना जाता है।

भारत की तलाश में मिली थी नई दुनिया

1492 में समुद्री रास्ते से भारत पहुंचने निकले क्रिस्टोफर कोलंबस अटलांटिक महासागर पार कर एक नए महाद्वीप पहुंचे। बाद में इटली के खोजकर्ता अमेरिगो वेस्पूची के नाम पर इस महाद्वीप का नाम "अमेरिका" पड़ा। प्राकृतिक संसाधनों से भरपूर इस क्षेत्र पर यूरोपीय देशों की नजर पड़ी और ब्रिटेन ने धीरे-धीरे यहां 13 कॉलोनियां स्थापित कर लीं।

ब्रिटिश शासन से बढ़ता गया असंतोष

ब्रिटेन अमेरिका की कॉलोनियों से कच्चा माल लेता था और तैयार सामान ऊंची कीमतों पर वापस बेचता था। कॉलोनियों के लोगों को कर तो देना पड़ता था, लेकिन उन्हें कानून बनाने या शासन में बराबरी का अधिकार नहीं था। आर्थिक शोषण और राजनीतिक उपेक्षा ने लोगों में आजादी की भावना को जन्म दिया।

19 अप्रैल 1775 से शुरू हुई क्रांति

19 अप्रैल 1775 को लेक्सिंगटन में ब्रिटिश सेना और अमेरिकी उपनिवेशवासियों के बीच पहली बड़ी लड़ाई हुई। इसके बाद 1776 में फिलाडेल्फिया में दूसरी कॉन्टिनेंटल कांग्रेस आयोजित हुई, जहां 13 कॉलोनियों ने मिलकर एक नए राष्ट्र "यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका" की नींव रखी।

4 जुलाई 1776 को हुई स्वतंत्रता की घोषणा

4 जुलाई 1776 को स्वतंत्रता की घोषणा (Declaration of Independence) को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही अमेरिका ने खुद को ब्रिटेन से स्वतंत्र घोषित कर दिया। जॉर्ज वॉशिंगटन को सेना की कमान सौंपी गई और ब्रिटिश शासन के खिलाफ निर्णायक संघर्ष शुरू हुआ।

फ्रांस के समर्थन से बदला युद्ध का परिणाम

शुरुआत में ब्रिटिश सेना भारी पड़ी, लेकिन 1778 में फ्रांस ने अमेरिका का साथ दिया। हथियार, धन और सैन्य सहायता मिलने के बाद अमेरिकी सेनाएं मजबूत हुईं। लंबे युद्ध के बाद ब्रिटेन को हार स्वीकार करनी पड़ी और अमेरिका एक स्वतंत्र राष्ट्र के रूप में स्थापित हो गया।

Badrinath: राम मंदिर विवाद के बाद केदारनाथ-बदरीनाथ में भी चोरी, चढ़ावे पर सख्त हुई मंदिर समिति?

कैसे बना दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश

आजादी के बाद अमेरिका ने लोकतांत्रिक संविधान अपनाया, उद्योग, विज्ञान, तकनीक और शिक्षा पर तेजी से काम किया। समय के साथ वह दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, सबसे प्रभावशाली सैन्य शक्ति और वैश्विक राजनीति का केंद्र बन गया। एप्पल, माइक्रोसॉफ्ट, गूगल और अमेजन जैसी दिग्गज कंपनियां इसी देश से निकलीं। 250 साल पहले आज जिस देश ने आजादी का सपना देखा था, वही आज दुनिया की सबसे बड़ी महाशक्ति के रूप में खड़ा है।

Location :  New Delhi

Published :  4 July 2026, 12:18 PM IST