
पुष्कर मेले में छाया 'काला बादल' (IMG: AI Generated)
Pushkar: राजस्थान के पुष्कर मेले में इन दिनों एक ऐसे 'बाहुबली' की चर्चा हो रही है, जिसकी कीमत सुनकर अच्छे-अच्छों के होश उड़ जाएं। इसकी कद-काठी ऐसी है कि देखने वालों की भीड़ लग जाती है और कीमत करीब एक करोड़ रुपये बताई जा रही है। लेकिन हैरानी की बात यह है कि करोड़ों की कीमत होने के बावजूद इसका मालिक इसे बेचने के मूड में नहीं है। दरअसल, यह कोई घोड़ा या लग्जरी कार नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश से आया मुर्रा नस्ल का भैंसा 'काला बादल' है।
महज 20 महीने की उम्र में इसका वजन करीब 760 किलो पहुंच चुका है। पुष्कर मेले में इसकी चर्चा सिर्फ भारी-भरकम शरीर और कीमत को लेकर नहीं, बल्कि इसकी प्रजनन क्षमता और इससे होने वाली कमाई को लेकर भी हो रही है। आखिर क्यों करोड़ों के भैंसे को बेचने के बजाय उसके मालिक वीर्य बेचकर लाखों रुपये कमाना पसंद करते हैं? आइए समझते हैं पूरा गणित।
पुष्कर मेला राजस्थान के सबसे चर्चित पशु मेलों में से एक है। यहां हर साल देश के अलग-अलग हिस्सों से पशुपालक अपने बेहतरीन घोड़े, ऊंट और दूसरे पशुओं को लेकर पहुंचते हैं। लेकिन इस मेले में सिर्फ घोड़ों का ही जलवा नहीं रहता, बल्कि मुर्रा नस्ल के विशालकाय भैंसे भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनते हैं। इस बार मध्य प्रदेश से आया 'काला बादल' लोगों का ध्यान खींच रहा है। इसके मालिक शैलेंद्र चौधरी के मुताबिक, काला बादल की उम्र महज 20 महीने है और इसका वजन करीब 760 किलो है। इतनी कम उम्र में इसका भारी-भरकम शरीर देखकर लोग हैरान हैं।
पुष्कर मेले में करोड़ों रुपये कीमत वाले भैंसों का पहुंचना कोई नई बात नहीं है। इससे पहले भी कई ऐसे मुर्रा भैंसे यहां आ चुके हैं, जिनकी कीमत ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। साल 2023 में हरियाणा के सिरसा से 'अनमोल' नाम का मुर्रा भैंसा पुष्कर मेले में पहुंचा था। उसके मालिक ने इसकी कीमत करीब 11 करोड़ रुपये बताई थी। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में इसकी कीमत को लेकर इससे भी बड़े दावे सामने आए थे।
करीब 1570 किलो वजन वाले अनमोल को देखने के लिए भी मेले में लोगों की भीड़ उमड़ी थी। लेकिन सबसे दिलचस्प बात यह थी कि उसका मालिक उसे बेचने के बजाय ब्रीडिंग के लिए इस्तेमाल कर रहा था। मालिक का दावा था कि अनमोल से अब तक करीब 150 बच्चे पैदा हो चुके हैं। यानी उसके लिए भैंसे की अहमियत सिर्फ उसकी बाजार कीमत तक सीमित नहीं थी, बल्कि उसकी नस्ल और प्रजनन क्षमता भी कमाई का बड़ा जरिया थी।
अब सवाल उठता है कि जब किसी भैंसे की कीमत करोड़ों रुपये तक पहुंच रही है तो उसके मालिक उसे बेचकर मोटी रकम क्यों नहीं कमाते? इसकी सबसे बड़ी वजह है उसकी ब्रीडिंग वैल्यू यानी प्रजनन क्षमता। दरअसल, अच्छी नस्ल के भैंसे का इस्तेमाल दूसरी भैंसों की नस्ल सुधारने के लिए किया जाता है। अगर किसी भैंसे में अच्छे आनुवंशिक गुण हैं तो उसकी अगली पीढ़ी में भी उन गुणों के आने की संभावना रहती है।
भैंसों के वीर्य से कमाई का पूरा कारोबार एक वैज्ञानिक प्रक्रिया के तहत चलता है। इसके लिए सबसे पहले भैंसे से वीर्य एकत्र किया जाता है। इसके बाद लैब में उसकी गुणवत्ता और प्रजनन क्षमता की जांच की जाती है। जांच में सही पाए जाने के बाद वीर्य को खास प्रक्रिया से सुरक्षित किया जाता है। इसे छोटी-छोटी स्ट्रॉ (Straw) में भरकर बेहद कम तापमान पर फ्रीज किया जाता है, ताकि लंबे समय तक इसकी गुणवत्ता बनी रहे। इसके बाद इन स्ट्रॉ का इस्तेमाल कृत्रिम गर्भाधान यानी आर्टिफिशियल इनसेमिनेशन के लिए किया जाता है।
अब बात करते हैं इस कारोबार से होने वाली कमाई की। साल 2023 में पुष्कर मेले में पहुंचे अनमोल के मालिक ने दावा किया था कि वह उसके वीर्य की एक डोज करीब 250 रुपये में बेचते हैं। उनके मुताबिक, हर महीने लाखों रुपये का वीर्य बिक जाता था। वहीं, साल 2025 में एक अन्य भैंस मालिक ने बताया था कि उसके भैंसे के वीर्य की एक ट्यूब करीब 400 रुपये में बेची जाती है। इससे हर महीने लगभग 70 से 80 हजार रुपये तक की कमाई होती है।
Location : Pushkar
Published : 20 November 2026, 12:53 PM IST