हिंदी
मानसून का चक्रवाती वार (सोर्स- Pinterest)
New Delhi: देश में मानसून की रफ्तार अब सामान्य से ज्यादा खतरनाक रूप ले चुकी है। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 अगस्त को बेहद चिंताजनक चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि अगले 9 घंटों के भीतर देश के 21 राज्यों में मौसम गंभीर रूप धारण कर सकता है।
इस बार खतरा सिर्फ बारिश का नहीं, बल्कि इसके साथ आने वाली 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार की तूफानी हवाओं का भी है। उत्तरी हरियाणा और मध्य राजस्थान के ऊपर बने 'ऊपरी हवा के चक्रवाती परिसंचरण' (Cyclonic Circulation) ने मानसून को और अधिक आक्रामक बना दिया है।
मौसम विभाग के अनुसार, देश के 19 से 21 राज्यों में तूफानी हवाओं के साथ भारी बारिश दर्ज की जाएगी। मैदानी क्षेत्रों में जहां दिल्ली, यूपी, बिहार, पंजाब, हरियाणा और राजस्थान जैसे राज्य शामिल हैं, वहीं पहाड़ी इलाकों में उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में स्थिति बिगड़ सकती है।
दिल्ली में जहां 40-50 किमी/घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी और पारा 34°C तक रहेगा, वहीं यूपी में आंधी की स्पीड 75 किमी/घंटे तक पहुंच सकती है। बिहार के गया, पटना समेत कई जिलों में 70 किमी/घंटे की हवाओं के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी है।
इस प्राकृतिक आफत का सीधा असर जनजीवन के साथ-साथ कृषि और आजीविका पर पड़ने वाला है। 70 से 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले झोंके इतने ताकतवर हो सकते हैं कि वे बड़े-बड़े पेड़ों और बिजली के खंभों को धाराशायी कर दें। इससे खड़ी फसलों को भारी नुकसान होने का अनुमान जताया गया है।
पूर्वी भारत के राज्यों में वज्रपात (आकाशीय बिजली) की विशेष चेतावनी जारी की गई है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मौसम विभाग और प्रशासन ने किसानों तथा मछुआरों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने की सख्त सलाह दी है।
मध्य और पूर्वी भारत के राज्यों जैसे झारखंड, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में भी स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। रांची में अधिकतम तापमान गिरकर 24°C तक आने की संभावना है, जबकि मनाली में यह 16°C तक सिमट जाएगा।
राजस्थान के जयपुर, कोटा और उदयपुर में 60 किमी/घंटे की हवाएं चलेंगी, वहीं मध्य प्रदेश के भोपाल और इंदौर में 55 किमी/घंटे की रफ्तार से आंधी चलने का अनुमान है। मौसम विभाग ने सभी नागरिकों को बेवजह घर से बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की है।
Location : New Delhi
Published : 18 August 2026, 8:12 AM IST