
गाने पर मचा बवाल
New Delhi: फिल्म इंडस्ट्री में इन दिनों ‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। नोरा फतेही और संजय दत्त पर फिल्माया गया यह गाना साउथ फिल्म KD – The Devil का हिस्सा है, जिसे कन्नड़ के साथ हिंदी में भी रिलीज किया गया था। अब इस गाने के कथित ‘अश्लील’ लिरिक्स और प्रस्तुति को लेकर विवाद गहराता जा रहा है।
मामले ने तूल पकड़ने के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सख्त रुख अपनाया है। सूत्रों के मुताबिक, मंत्रालय ने Central Board of Film Certification (CBFC) को इस मामले में तत्काल जांच और उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
सरकार ने न केवल सेंसर बोर्ड को कार्रवाई के लिए कहा है, बल्कि इस गाने को सभी मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म्स से हटाने के निर्देश भी दिए हैं। बताया जा रहा है कि अश्लील कंटेंट को लेकर अब निगरानी और सख्त की जाएगी।
‘सरके चुनर तेरी सरके’ गाने को लेकर सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कई यूजर्स और संगठनों ने गाने के बोल और वीडियो को ‘अश्लील’ बताते हुए आपत्ति जताई है, जबकि कुछ लोग इसे रचनात्मक स्वतंत्रता का हिस्सा बता रहे हैं।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस विवाद का असर फिल्म की रिलीज और प्रमोशन पर भी पड़ सकता है। अगर सेंसर बोर्ड कड़े कदम उठाता है, तो गाने में बदलाव या इसे हटाने जैसी कार्रवाई भी हो सकती है।
Location : New Delhi
Published : 17 March 2026, 5:39 PM IST