
पुणे में क्लोरीन गैस लीक से हड़कंप (Img: Google)
Pune: पुणे के कोंढवा इलाके में गुरुवार देर रात अफरा-तफरी मच गई जब एक बंद पड़े जल शुद्धिकरण संयंत्र से क्लोरीन गैस का रिसाव शुरू हो गया। इस घटना में कुल 24 लोग प्रभावित हुए, जिनमें 22 स्थानीय नागरिक और 2 फायर ब्रिगेड कर्मी शामिल हैं। सभी को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
फायर विभाग के अधिकारियों के अनुसार, यह घटना गंगाधाम क्षेत्र में स्थित एक पुराने और बंद पड़े वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में हुई। रात लगभग 1 बजे प्लांट के भीतर रखे क्लोरीन गैस से भरे एक पुराने टैंक से अचानक रिसाव शुरू हो गया। चूंकि यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है, इसलिए गैस तेजी से आसपास के रिहायशी इलाकों में फैल गई। स्थानीय लोगों ने बताया कि अचानक आंखों में जलन, गले में खराश और सांस लेने में परेशानी होने लगी, जिसके बाद लोगों में दहशत फैल गई।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेस्क्यू ऑपरेशन तुरंत शुरू किया गया। प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया और आसपास के क्षेत्र को खाली कराया गया।
फायर कर्मियों ने विशेष सुरक्षा उपकरणों की मदद से रिसाव वाले टैंक को बंद करने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद गैस रिसाव पर काबू पा लिया गया। इस दौरान दो फायर कर्मी भी गैस की चपेट में आकर बीमार हो गए।
सभी 24 प्रभावित लोगों को पुणे के ससून जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी मरीजों की हालत अब स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं, लेकिन उन्हें निगरानी में रखा गया है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि प्लांट काफी समय से बंद था और उसकी उचित देखरेख नहीं की जा रही थी। बताया जा रहा है कि जिस टैंक से गैस लीक हुई, वह काफी पुराना था और उसे हटाया या सुरक्षित रूप से सील नहीं किया गया था। अधिकारियों का मानना है कि रखरखाव में लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह हो सकती है। अब विस्तृत जांच की जा रही है कि आखिर सुरक्षा मानकों की अनदेखी कैसे हुई।
Location : Pune
Published : 30 April 2026, 4:09 PM IST