डांसर और हीरोइन बनने का सपना लेकर निकलीं तीन किशोरियां, छिवकी स्टेशन पर पकड़ी गईं, जानिए पूरा मामला

प्रयागराज के नैनी और छिवकी स्टेशन पर मुंबई जाकर डांसर व अभिनेत्री बनने का सपना लेकर निकलीं तीन नाबालिग किशोरियों को आरपीएफ और पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया। परिजनों की सूचना और लोकेशन ट्रैकिंग से सभी सुरक्षित मिल गईं और उन्हें परिवार को सौंप दिया गया।

Updated : 1 June 2026, 11:49 AM IST
google-preferred

Prayagraj: प्रयागराज में रविवार को दो अलग-अलग मामलों में कुल तीन नाबालिग किशोरियां रेलवे स्टेशनों पर संदिग्ध हालत में मिलीं। ये सभी किशोरियां घर से बिना परिजनों को बताए मुंबई जाने की कोशिश में थीं। उनका उद्देश्य फिल्मी दुनिया में डांसर और अभिनेत्री बनने का था। एक मामला नैनी स्टेशन का है, जबकि दूसरा छिवकी स्टेशन का है। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और स्थानीय पुलिस की तत्परता से सभी किशोरियों को सुरक्षित पकड़ लिया गया और बाद में परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

नैनी स्टेशन पर मिलीं दो किशोरियां

अरैल क्षेत्र में रहने वाली एक ही परिवार की दो किशोरियां, जिनकी उम्र 14 और 15 वर्ष बताई गई है, शनिवार को बिना बताए घर से निकल गई थीं। रविवार को दोनों नैनी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन पर किसी ट्रेन का इंतजार कर रही थीं। इसी दौरान रेलवे सुरक्षा बल नैनी के उप निरीक्षक वीके तिवारी, कांस्टेबल अवधेश कुमार और कमर्शियल स्टाफ तरुण की नजर उन पर पड़ी।

प्रयागराज में भीषण सड़क हादसा: बस-कार की जोरदार टक्कर में दंपती समेत 3 की मौत, बेटा गंभीर

पूछताछ करने पर दोनों किशोरियों ने स्वीकार किया कि वे घर से भागकर आई हैं और मुंबई जाकर किसी महिला डांसर से मिलने और वहीं रहकर डांस की दुनिया में करियर बनाने की इच्छा रखती हैं। उनके मोबाइल फोन की जांच में कई डांस वीडियो भी मिले, साथ ही उन्होंने खुद के बनाए वीडियो भी फोन में सेव कर रखे थे।

इसके बाद दोनों को आरपीएफ पोस्ट नैनी लाया गया, जहां महिला कांस्टेबल अंजली देवी की निगरानी में रखा गया। सूचना मिलने पर चाइल्ड लाइन से सुपरवाइजर राजेंद्र कुमार गुप्ता और केस वर्कर तान्या पाल मौके पर पहुंचे। आवश्यक कार्रवाई और परिजनों की मौजूदगी के बाद दोनों किशोरियों को लिखापढ़ी कर उनके परिवार को सौंप दिया गया।

छिवकी स्टेशन पर पकड़ी गई तीसरी किशोरी

दूसरा मामला कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र के जसापुर गांव का है। यहां की 14 वर्षीय किशोरी 27 मई को घर से बिना बताए निकल गई थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान उसकी लोकेशन छिवकी रेलवे स्टेशन पर मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई।

प्रयागराज SRN Hospital में बड़ी कार्रवाई! 20 डॉक्टर सस्पेंड, हंगामे के बाद कार्रवाई

सूचना मिलने पर कानपुर पुलिस ने नैनी पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद छिवकी चौकी प्रभारी मनोज सिंह ने किशोरी को स्टेशन से सुरक्षित बरामद कर लिया और उसे नैनी थाने लाया गया। इस दौरान किशोरी ने बताया कि वह अभिनेत्री बनने के सपने के साथ मुंबई जा रही थी।

बाद में कानपुर पुलिस और परिजन नैनी थाने पहुंचे, जहां कानूनी औपचारिकताओं के बाद किशोरी को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

Location :  Prayagraj

Published :  1 June 2026, 11:49 AM IST

Related News

Advertisement