Mumbai Rain: भारी बारिश से थमी मुंबई की रफ्तार, जनजीवन प्रभावित; 24 घंटे में 6 की मौत, ट्रेनें बंद

मुंबई में भारी बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीते 24 घंटों में 6 लोगों की मौत और 5 लोगों के लापता होने की खबर है। लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हैं, स्कूल बंद हैं और जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त है। सड़कों पर जलभराव और मोनोरेल में फंसे सैकड़ों यात्री जानिए मुंबई में बारिश से जुड़ी हर अहम जानकारी।

Post Published By: Sapna Srivastava
Updated : 20 August 2025, 7:55 AM IST
google-preferred

Mumbai: महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में भारी बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। बीते 24 घंटे में बारिश और उससे संबंधित हादसों में 6 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि 5 लोग अब भी लापता हैं। लगातार हो रही मूसलधार बारिश के चलते मुंबई की सड़कें, रेलवे ट्रैक और अंडरपास जलमग्न हो गए हैं।

यात्रियों की मुसीबतें बढ़ीं

मुंबई की लाइफलाइन मानी जाने वाली लोकल ट्रेनों पर भी बारिश का सीधा असर पड़ा है। 20 अगस्त 2025 को कई लोकल ट्रेन सेवाएं रद्द कर दी गईं। छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से ठाणे तक की सेवाएं दोपहर 11:30 बजे बंद करनी पड़ीं, जो लगभग 8 घंटे बाद शाम 7:28 बजे बहाल की जा सकीं। इससे ऑफिस जाने वाले हजारों यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

लोकल ट्रेनें रद्द

आज की लोकल ट्रेन शेड्यूल के अनुसार सबसे पहली ट्रेन सुबह 3:40 बजे नाला सोपारा से बोरीवली के लिए चलेगी। इसके बाद 4:05 बजे बोरीवली से चर्चगेट और 4:08 बजे विरार से दादर के लिए ट्रेन रवाना होगी। सुबह 5:15 बजे दादर से विरार जाने वाली ट्रेन उपलब्ध होगी। 4:35 बजे नाला सोपारा से चर्चगेट और 4:50 बजे विरार से चर्चगेट के लिए ट्रेनें रहेंगी। वहीं 6:25 बजे चर्चगेट से विरार के लिए ट्रेन जाएगी।

नाला सोपारा से अंधेरी के लिए सुबह 5:05 बजे ट्रेन मिलेगी, जबकि अंधेरी से विरार की लोकल 6:05 बजे उपलब्ध होगी। इसके अलावा 5:24 बजे नाला सोपारा से अंधेरी और 6:49 बजे अंधेरी से भायंदर की ट्रेन चलेगी। 6:33 बजे नाला सोपारा से अंधेरी, और 7:41 बजे अंधेरी से विरार के लिए लोकल ट्रेन रहेगी।

बोरीवली से चर्चगेट के लिए सुबह 4:05, 5:08 और 5:31 बजे ट्रेनें निर्धारित हैं। वहीं चर्चगेट से बोरीवली के लिए 4:18 बजे लोकल चलेगी।

मध्य रेलवे सेवाएं घंटों ठप

भारी बारिश के कारण छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और ठाणे के बीच मध्य रेलवे की मुख्य लाइन पर सेवाएं सुबह 11:30 बजे रोक दी गई थीं। यह सेवाएं लगभग आठ घंटे के बाद शाम 7:28 बजे जाकर बहाल की जा सकीं। इससे हजारों यात्रियों को खासी परेशानी हुई।

मोनोरेल में फंसे 782 यात्री, बड़ी दुर्घटना टली

बारिश के कारण रेलवे की हार्बर लाइन बंद होने से बड़ी संख्या में लोग मोनोरेल का उपयोग करने लगे। अत्यधिक भीड़ के चलते ट्रेन का वजन 104 मीट्रिक टन की सीमा को पार कर 109 टन तक पहुंच गया, जिससे मैकेनिकल संपर्क टूट गया और बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। दो मोनोरेल ट्रेनों में फंसे कुल 782 यात्रियों को MMRDA की टीमों ने सुरक्षित बाहर निकाला। कुछ यात्रियों को दम घुटने और बेहोशी की शिकायत हुई, लेकिन गंभीर कोई मामला नहीं हुआ।

शहर थमा, लोग घरों में कैद

बारिश इतनी तेज हुई कि स्कूल, कॉलेज और दफ्तरों को आधे दिन बाद ही बंद करना पड़ा। कई इलाकों में जलभराव के कारण लोगों को घर लौटने में भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। माटुंगा थाने के पास एक स्कूल बस बच्चों सहित घंटों फंसी रही। गाड़ियों की लंबी कतारें और ट्रैफिक जाम आम नज़ारा बन गया।

झीलें उफान पर, बारिश थमने के आसार नहीं

BMC के अनुसार, शहर को पानी सप्लाई करने वाली सात में से छह झीलें खतरे के निशान के करीब पहुंच चुकी हैं। सांताक्रूज़ वेधशाला ने 238.2 मिमी और विक्रोली में 255.5 मिमी बारिश दर्ज की गई। भायखला, बांद्रा और जुहू जैसे इलाकों में भी 200 मिमी से अधिक वर्षा हुई। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में भी भारी बारिश की चेतावनी दी है।

आपदा प्रबंधन मोर्चे पर

राज्य सरकार ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए NDRF की 18 और SDRF की 6 टीमों को राहत और बचाव कार्यों में लगाया है। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने आपदा नियंत्रण केंद्र में बैठक बुलाकर हालात की समीक्षा की है।

Location :  Mumbai

Published :  20 August 2025, 7:55 AM IST

Related News

Advertisement