
विधानसभा में गूंजा चेंबूर हादसा (सोर्स- Pinterest)
Mumbai: आर्थिक राजधानी मुंबई के चेंबूर इलाके में एक स्कूल बस पर भारी-भरकम पेड़ गिरने से 11 वर्षीय मासूम छात्र वीहान श्रीवास्तव की दर्दनाक मौत का मामला अब बेहद गरमा गया है। बुधवार को यह मुद्दा महाराष्ट्र विधानसभा में जोर-शोर से गूंजा, जहां सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायकों ने बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) की कार्यप्रणाली और घोर लापरवाही पर तीखे सवाल उठाए। विपक्षी नेताओं ने मानसून के दौरान मुंबई की सड़कों पर सुरक्षा के दावों को पूरी तरह खोखला करार देते हुए अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की है।
चेंबूर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले शिवसेना विधायक तुकाराम काटे ने सदन में बेहद आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि उनके इलाके में लापरवाही की वजह से होने वाला यह कोई पहला हादसा नहीं है। उन्होंने कहा, "मैंने खुद कई बार बीएमसी के अधिकारियों से खतरनाक और सूखे पेड़ों की छंटाई करने तथा एहतियाती कदम उठाने की लिखित और मौखिक अपील की थी, लेकिन भ्रष्ट और सुस्त अधिकारियों ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की।"
वहीं, विधायक मुर्जी पटेल ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतक बच्चे के परिजनों और घायलों को तुरंत उचित आर्थिक सहायता देने की मांग उठाई। उन्होंने सदन को सूचित किया कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तरफ से पीड़ित परिवार को तत्काल 2.5 लाख रुपये की सहायता राशि स्वीकृत की जा रही है।
देश की आर्थिक राजधानी मुंबई पर गंभीर जल संकट? मायानगरी के निवासियों की कैसे बुझेगी प्यास
सदन में इस मुद्दे को लेकर तीखी बहस देखने को मिली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक नाना पटोले ने भी इस घटना को लेकर शिंदे सरकार को आड़े हाथों लिया और मांग की कि सरकार इस बेहद गंभीर और संवेदनशील मुद्दे पर सदन के सामने आकर आधिकारिक बयान दे।
चर्चा के दौरान विधायकों ने मुंबई के अंधेरी स्थित मारोल इलाके में पेड़ गिरने की एक अन्य हालिया घटना का भी उल्लेख किया। विधायकों ने मांग की कि पूरे मुंबई शहर और उपनगरों में बीएमसी द्वारा युद्धस्तर पर खतरनाक पेड़ों का एक व्यापक सर्वेक्षण (Survey) कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी और मासूम की जान न जाए।
यह रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना मंगलवार दोपहर करीब 2:58 बजे चेंबूर के रोड नंबर 11 पर एक रिहायशी इमारत के पास हुई। 'यूनिवर्सल हाई स्कूल' की एक स्कूल बस कुल 13 बच्चों को लेकर उन्हें स्कूल से घर छोड़ने जा रही थी।
इसी दौरान रास्ते में लगा एक बेहद पुराना और विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक जड़ से उखड़कर सीधे चलती हुई स्कूल बस के ऊपर गिर गया। पेड़ का वजन इतना ज्यादा था कि बस की छत पूरी तरह पिचक गई और अंदर बैठे बच्चे मलबे में फंस गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय नागरिक, बस चालक और कंडक्टर तुरंत बचाव कार्य में जुट गए। कुछ ही देर में फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई और सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस हादसे में 4 से 12 वर्ष की आयु के कुल पांच बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए थे, जिन्हें तुरंत पास के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, 11 वर्षीय वीहान श्रीवास्तव को बेहद गंभीर चोटें आई थीं, जिसके कारण इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। राहत की बात यह है कि अस्पताल में भर्ती अन्य चार बच्चों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
Location : Mumbai
Published : 1 July 2026, 4:03 PM IST