चलती ट्रेन की AC बोगी बनी ‘हनीमून सुइट’! एक तस्वीर वायरल हुई और रेलवे अफसर पर गिर गई गाज

नांदेड़ग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच में बिना अनुमति नवविवाहित दंपती के लिए 'हनीमून स्टाइल' सजावट कराई गई। मामले के सामने आने पर रेलवे ने इसे सुरक्षा में गंभीर चूक मानते हुए ड्यूटी पर तैनात सीटीआई को निलंबित कर विभागीय जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 9 July 2026, 1:03 PM IST

Mumbai: भारतीय रेलवे की बल्हारशाह–मुंबई नांदेड़ग्राम एक्सप्रेस में एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने रेलवे प्रशासन को सख्त कार्रवाई के लिए मजबूर कर दिया। नवविवाहित दंपती की यात्रा को यादगार बनाने के लिए फर्स्ट एसी कोच के एक कूपे को बिना रेलवे की अनुमति 'हनीमून स्टाइल' में सजाया गया। मामला सामने आते ही रेलवे ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए ड्यूटी पर तैनात मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) को तत्काल निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दे दिए।

फर्स्ट एसी कोच में हुई 'हनीमून स्टाइल' सजावट

जानकारी के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को शुभम और सोनाली नामक नवविवाहित दंपती ने छत्रपति संभाजीनगर से मुंबई जाने के लिए नांदेड़ग्राम एक्सप्रेस के फर्स्ट एसी कोच के 'जी' कूपे में बर्थ संख्या 19 और 20 आरक्षित कराई थी। यात्रा को खास बनाने के लिए उन्होंने निजी डेकोरेशन एजेंसी से ऑनलाइन संपर्क किया।

इसके बाद जालना स्टेशन पर डेकोरेटर का प्रतिनिधि बिना रेलवे की आधिकारिक अनुमति के ट्रेन में प्रवेश कर गया और कूपे को फूलों, गुब्बारों और सजावटी सामान से हनीमून थीम में सजा दिया।

वायरल तस्वीरों के बाद रेलवे हरकत में आया

कोच की सजावट की तस्वीरें सामने आने के बाद रेलवे प्रशासन ने पूरे मामले का संज्ञान लिया। अधिकारियों ने इसे सुरक्षा नियमों का गंभीर उल्लंघन माना, क्योंकि किसी निजी व्यक्ति को बिना अनुमति फर्स्ट एसी कोच में प्रवेश नहीं दिया जा सकता।

मामले की जांच के दौरान पाया गया कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया, जिसके बाद ड्यूटी पर मौजूद मुख्य टिकट निरीक्षक (सीटीआई) गिरीश कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

रात में 7 माह की गर्भवती को अस्पताल ले जाया गया, सुबह मिली मौत की खबर… आखिर उस रात क्या हुआ था?

रेलवे ने शुरू की विभागीय जांच

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अब यह जांच की जाएगी कि निजी व्यक्ति को कोच में प्रवेश किसने दिया और सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई। विभागीय जांच में यदि अन्य कर्मचारियों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रेलवे अधिकारियों ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और नियमों का उल्लंघन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा में हिट एंड रन: तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने लोगों को रौंदा, तीन की ऑन द स्पॉट मौत

सुरक्षा नियमों पर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद रेलवे की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बिना अनुमति कोई व्यक्ति फर्स्ट एसी कोच तक पहुंच सकता है, तो यह सुरक्षा व्यवस्था में गंभीर खामी का संकेत है। ऐसे मामलों से भविष्य में यात्रियों की सुरक्षा को लेकर और अधिक सतर्कता बरतने की जरूरत है।

Location :  Mumbai

Published :  9 July 2026, 1:03 PM IST