नागपुर-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा, 8 महिला श्रमिकों की दर्दनाक मौत

नागपुर-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार शाम जालना जिले में एक भीषण हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने टेम्पो को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 2 April 2026, 1:41 AM IST

जालना: महाराष्ट्र के जालना जिले में नागपुर-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर बुधवार शाम तेज रफ्तार ट्रक ने एक टेम्पो को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में 8 महिलाओं की मौत हो गई, जबकि 3 लोग घायल हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। सभी पीड़ित मजदूर हैं।

मृतकों की पहचान

मृतकों की पहचान अलकाबाई आडमने (45), लक्ष्मीबाई मदन (35), मीना आडमने (45), कंचन आडमने (50), ताराबाई चौधरी (60), कडूबाई मदन (55) और सुमन आडमने (70) के रूप में हुई है। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

DME Youth Parliament 2026: शांभवी चौधरी ने दिया जीवन में सफल होने का मंत्र, कहा- सोशल मीडिया नहीं…

ऐसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार हादसा कडवांची गांव के पास तब हुआ जब महिला मजदूर एक्सप्रेसवे पर सफाई का काम खत्म कर टेम्पो से घर लौट रही थीं। टेम्पो स्टार्ट होने ही वाला था कि मुंबई की ओर जा रहे ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कई महिला मजदूर ट्रक के नीचे कुचल गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी और दहशत फैल गई। दुर्घटना की खबर मिलते ही जालना तालुका पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और पंचनामा और आगे की जांच प्रक्रियाएं शुरू कीं। इसके अलावा स्थानीय लोगों ने भी बड़ी तत्परता दिखाते हुए बचाव कार्य शुरू किए और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

टक्कर से टेम्पो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शव सड़क पर बिखर गए। टेम्पो में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें से 7 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।

मुंबई के होटल में BCCI ब्रॉडकास्टर की संदिग्ध मौत, पोस्टमॉर्टम का इंतजार; पढे़ं पूरी खबर

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि ट्रक के चालक को गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं में मामला दर्ज किया है। महाराष्ट्र की पर्यावरण मंत्री पंकजा मुंडे ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों को आर्थिक सहायता देने का आश्वासन दिया है।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आठ लोगों की मौत अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख रुपए की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।

Location : 
  • Mumbai

Published : 
  • 2 April 2026, 1:41 AM IST