IIT बॉम्बे छात्र साहिल वाकोड़े मौत मामले में प्रोफेसर साहब पर FIR दर्ज, अब क्राइम ब्रांच खंगालेगी पूरी कहानी

IIT बॉम्बे के छात्र साहिल रविंद्र वाकोड़े की आत्महत्या मामले में नया मोड़ आया है। मुंबई पुलिस ने जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। छात्र के माता-पिता के आरोपों के बाद IIT बॉम्बे के एक प्रोफेसर को मामले में आरोपी बनाया गया है। फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 20 September 2026, 7:29 PM IST

Maharashtra News: IIT बॉम्बे के छात्र साहिल रविंद्र वाकोड़े की मौत मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। 22 वर्षीय छात्र की आत्महत्या के मामले की जांच अब मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच करेगी। पुलिस ने इस मामले में IIT बॉम्बे के एक प्रोफेसर को आरोपी बनाया है। हालांकि, अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। साहिल के माता-पिता ने बेटे की मौत के बाद संस्थागत उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए थे। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है।

हॉस्टल के कमरे में मिली थी छात्र की मौत की जानकारी

साहिल रविंद्र वाकोड़े महाराष्ट्र के यवतमाल जिले के रहने वाले थे। वह IIT बॉम्बे के एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग में बीटेक सेकेंड ईयर के छात्र थे।जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम पवई स्थित कैंपस के हॉस्टल नंबर-4 में उनके कमरे से उनकी मौत की सूचना मिली थी। घटना के बाद पूरे कैंपस में हड़कंप मच गया था।

परीक्षा में मोबाइल और ChatGPT इस्तेमाल का मामला

संस्थान की ओर से बताया गया कि घटना वाले दिन साहिल को मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। IIT बॉम्बे के अनुसार, छात्र ने कथित तौर पर प्रश्नपत्र के सवालों के जवाब हासिल करने के लिए उसे ChatGPT पर अपलोड किया था। संस्थान ने कहा कि इस मामले में छात्र के खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू नहीं की गई थी। परीक्षा से जुड़ी स्थिति को लेकर प्रशिक्षक और विभागाध्यक्ष ने छात्र से बातचीत की थी और उसे समझाया था। IIT बॉम्बे के मुताबिक, छात्र को यह भी बताया गया था कि इस घटना का उसके अकादमिक करियर पर कोई नकारात्मक प्रभाव नहीं पड़ेगा।

माता-पिता ने लगाए गंभीर आरोप

साहिल के माता-पिता ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को मौत से पहले संस्थागत उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव का सामना करना पड़ा था। उनकी शिकायत के आधार पर पवई पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इसी मामले में IIT बॉम्बे के एक प्रोफेसर को आरोपी बनाया गया है। पुलिस का कहना है कि अभी किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

क्राइम ब्रांच खंगालेगी मौत से पहले की घटनाएं

मुंबई पुलिस ने मामले को आगे की जांच के लिए क्राइम ब्रांच को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, जांच एसीपी डिटेक्शन की निगरानी में की जाएगी। क्राइम ब्रांच अब छात्र की मौत से पहले हुई घटनाओं, लगाए गए आरोपों और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच करेगी। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आगे की स्थिति स्पष्ट होगी।

कैंपस में छात्रों ने किया प्रदर्शन

साहिल वाकोड़े की मौत के बाद IIT बॉम्बे परिसर में छात्रों ने प्रदर्शन किया और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह सात महीने के भीतर IIT बॉम्बे कैंपस में आत्महत्या का तीसरा रिपोर्टेड मामला है। इससे पहले फरवरी और जुलाई में भी छात्रों की आत्महत्या से मौत के मामले सामने आए थे। फिलहाल साहिल वाकोड़े मौत मामले में क्राइम ब्रांच की जांच के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।

Location :  Maharashtra

Published :  20 September 2026, 7:22 PM IST