फिर दहलाने की साजिश या अफवाह? ‘जलसा’ और बीएमसी को बम से उड़ाने की आखिर किसने दी धमकी

मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को मिले ईमेल में अमिताभ बच्चन के बंगले जलसा और बीएमसी मुख्यालय को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। सूचना के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हैं। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड ने बीएमसी परिसर की जांच शुरू की है। ईमेल भेजने वाले की पहचान की जा रही है फिलहाल।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 November 2026, 4:17 PM IST

Mumbai: बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की एक और धमकी सामने आई है। इस बार मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भेजे गए ईमेल में अमिताभ बच्चन के घर के साथ मुंबई महानगरपालिका (BMC) मुख्यालय को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। धमकी भरा ईमेल सामने आने के बाद मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड (BDDS) की टीम बीएमसी कार्यालय पहुंची और परिसर की जांच शुरू की। पुलिस ईमेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। फिलहाल धमकी की सच्चाई की जांच की जा रही है।

मेयर ऋतु तावड़े के कार्यालय को भेजा गया धमकी भरा ईमेल

जानकारी के मुताबिक, मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े के दफ्तर को मिले ईमेल में बीएमसी मुख्यालय और अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। ईमेल में अमिताभ बच्चन के घर के अलावा कुछ अन्य जगहों का भी जिक्र किया गया है। हालांकि, उन जगहों के नाम की जानकारी सामने नहीं आई है।

धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने सतर्कता बढ़ा दी है। BDDS की टीम बीएमसी कार्यालय पहुंचकर परिसर की जांच कर रही है। वहीं, पुलिस इस बात का पता लगाने में जुटी है कि ईमेल किसने भेजा और धमकी के पीछे किसका हाथ है। फिलहाल जांच एजेंसियां धमकी की गंभीरता और उसकी वास्तविकता का पता लगा रही हैं।

जलसा और BMC मुख्यालय को उड़ाने की धमकी (Image Source: Pinterest)

ये भी पढे़ं: Bomb Threat: मुंबई में बम की धमकी से हड़कंप, अमिताभ बच्चन के बंगले और एयरपोर्ट को उड़ाने की चेतावनी

पहले भी अमिताभ बच्चन और अभिषेक बच्चन को मिल चुकी हैं धमकियां

अमिताभ बच्चन को इससे पहले भी धमकियां मिलने की जानकारी सामने आई थी। पहली धमकी में उनके बंगले ‘जलसा’ को निशाना बनाने की बात कही गई थी। इसके बाद रविवार को प्रशंसकों से मुलाकात के दौरान उनके साथ कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखी गई थी। अमिताभ बच्चन बुलेटप्रूफ शीशे के पीछे से प्रशंसकों का अभिवादन करते नजर आए थे।

इसके बाद दूसरी बार मिली धमकी में अमिताभ बच्चन के साथ उनके बेटे अभिषेक बच्चन का नाम भी शामिल था। उस समय गोल्डी ढिल्लों के नाम से एक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया था। पोस्ट में लिखा गया था, 'जितनी मर्जी बुलेटप्रूफ केबिन बनवा ले, कुछ भी कर ले, दोनों बाप-बेटे को मारेंगे। बुलेटप्रूफ में ही मारेंगे।'

ये भी पढे़ं: मुंबई में बम की धमकी से हड़कंप: बॉम्बे हाईकोर्ट, BSE और अमिताभ बच्चन के बंगले को निशाना बनाने की चेतावनी

सलमान खान के घर गोलीबारी के बाद से बढ़ी फिल्मी सितारों की चिंता

फिल्मी हस्तियों को मिल रही धमकियों के सिलसिले के बीच 14 अप्रैल 2024 की सुबह सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर गोलीबारी की घटना भी हुई थी। इसके बाद से फिल्मी सितारों की सुरक्षा को लेकर लगातार चिंताएं सामने आती रही हैं।

अमिताभ बच्चन को मिली धमकियों के बाद उनके बंगले ‘जलसा’ के बाहर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी किए जाने की जानकारी भी दी गई है। वहां सुरक्षा गार्डों के साथ मुंबई पुलिस के हथियारबंद जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा घर के बाहर की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए हाई-रेजोल्यूशन सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। फिलहाल ताजा ईमेल के मामले में पुलिस जांच कर रही है। ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की वास्तविकता स्पष्ट होने के बाद ही आगे की स्थिति सामने आएगी।

Location :  Mumbai

Published :  26 November 2026, 4:16 PM IST