मैं Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah में काम करूंगा… 900 KM चलकर मुंबई पहुंचा युवक, फिल्म सिटी में टूटा सपना

“तारक मेहता का उल्टा चश्मा” (Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah) में काम करने का सपना एक लड़के को छिंदवाड़ा से सीधे मुंबई की फिल्म सिटी तक ले आया। स्कूल जाने के बहाने घर से निकला यह नाबालिग ट्रेन बदलते हुए करीब 900 किलोमीटर दूर पहुंच गया। लेकिन मुंबई में उसके साथ आगे क्या हुआ और पुलिस की नजर उस पर कैसे पड़ी?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 9 August 2026, 1:42 PM IST

Mumbai: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा का 16 वर्षीय एक नाबालिग टीवी की दुनिया में कदम रखने का सपना लेकर घर से करीब 900 किलोमीटर दूर मुंबई पहुंच गया। हैरानी की बात यह रही कि उसने अपने इस सफर के बारे में परिवार को कुछ नहीं बताया। घरवालों को जब उसके गायब होने की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद शुरू हुई उसकी तलाश सीधे मुंबई की फिल्म सिटी तक जा पहुंची।

ट्रेन बदलकर तय किया लंबा सफर

पुलिस के अनुसार, नाबालिग गुरुवार दोपहर स्कूल जाने के लिए घर से निकला था। लेकिन वह स्कूल जाने के बजाय छिंदवाड़ा रेलवे स्टेशन पहुंच गया। वहां से उसने ट्रेन पकड़कर नागपुर का सफर किया। नागपुर पहुंचने के बाद उसने मुंबई जाने वाली दूसरी ट्रेन पकड़ी। अगले दिन सुबह वह गोरेगांव स्टेशन पहुंचा। मुंबई पहुंचने के बाद भी उसका सफर खत्म नहीं हुआ। वह पैदल ही फिल्म सिटी की ओर निकल पड़ा। उसके मन में एक ही सपना था, मुंबई जाकर एक्टिंग की दुनिया में अपनी पहचान बनाना।

ये भी पढ़ें- Shivangi Joshi Love Life: शिवांगी जोशी और रोहित सुचांती कर चुके हैं डेट! अमन गांधी के दावे से फिर गरमाई एक्ट्रेस की लव लाइफ

फिल्म सिटी में पुलिस ने देखा अकेला

गोरेगांव की फिल्म सिटी में जब पुलिस की नजर अकेले घूम रहे इस नाबालिग पर पड़ी तो उससे पूछताछ की गई। सूचना मिलने के बाद मोबाइल पुलिस यूनिट मौके पर पहुंची और उसे आरे पुलिस स्टेशन ले जाया गया। पूछताछ के दौरान लड़के ने बताया कि वह टीवी के चर्चित सीरियल ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ (Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah) में काम करना चाहता है। एक्टिंग को करियर बनाने का सपना ही उसे घर से इतनी दूर मुंबई खींच लाया।

परिवार को थी बेटे की चिंता

पुलिस ने जब उसके परिवार से संपर्क किया तो पिता ने बताया कि उनका बेटा गुरुवार से लापता था। इसके बाद परिवार को उसके मुंबई पहुंचने की जानकारी मिली। फिलहाल नाबालिग पुलिस की देखरेख में सुरक्षित है और उसके पिता उसे वापस लेने मुंबई आ रहे हैं।

ये भी पढ़ें- एक बिल्ली ने बदल दी पूरी कहानी! International Cat Day पर इन फिल्मों को देखना बनता है खास

18 साल से दर्शकों के बीच लोकप्रिय है शो

‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ (Taarak Mehta Ka Ooltah Chashmah) लंबे समय से दर्शकों के पसंदीदा टीवी शोज में शामिल है। शो ने अपनी अलग कहानी और किरदारों के जरिए घर-घर में पहचान बनाई है। इसमें दिलीप जोशी, तनुज महाशब्दे, सोनालिका जोशी, अमित भट्ट और श्याम पाठक जैसे कलाकार नजर आए हैं। शो का हिस्सा रह चुके दिशा वकानी, शैलेश लोढ़ा और जेनिफर मिस्त्री भी अपने किरदारों से दर्शकों के बीच खास पहचान बना चुके हैं।

Location :  Mumbai

Published :  9 August 2026, 1:13 PM IST