IRCTC का धमाकेदार ऑफर! मानसून में बेहद सस्ते में घूमें साउथ इंडिया, जानिए कितने में मिलेगा 12 दिन का टूर

अगर आप इस मानसून कहीं खास घूमने या धार्मिक यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए एक नया मौका सामने आया है। कम बजट में कई प्रमुख जगहों तक पहुंचने का यह पैकेज तेजी से चर्चा में है। जानिए इसकी पूरी डिटेल, किराया, यात्रा की अवधि और इसमें मिलने वाली सुविधाएं।

Updated : 29 June 2026, 3:58 PM IST
google-preferred

New Delhi: अगर आप दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का प्लान बना रहे हैं, तो आपके लिए शानदार मौका है। आईआरसीटीसी (IRCTC) ने 'दक्षिण भारत यात्रा' नाम से नया भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन पैकेज लॉन्च किया है। यह यात्रा 31 जुलाई 2026 से 11 अगस्त 2026 तक आयोजित की जाएगी। 11 रात और 12 दिन के इस विशेष टूर पैकेज के तहत श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे। इस पैकेज की शुरुआती कीमत 23,560 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है।

गोरखपुर से चलेगी भारत गौरव टूरिस्ट ट्रेन

यह विशेष ट्रेन गोरखपुर से रवाना होगी। यात्रा के दौरान मनकापुर, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, वीरांगना लक्ष्मीबाई (झांसी) और ललितपुर समेत कई स्टेशनों से यात्री ट्रेन में सवार हो सकेंगे। इससे उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को इस यात्रा का लाभ मिलेगा।

तिरुपति बालाजी सहित कई मंदिरों के होंगे दर्शन

यात्रा का पहला पड़ाव रेनिगुंटा होगा। यहां से यात्रियों को सड़क मार्ग के जरिए तिरुपति ले जाया जाएगा, जहां दो रात ठहरने की व्यवस्था रहेगी। इस दौरान श्रद्धालु तिरुपति बालाजी मंदिर के दर्शन कर सकेंगे। हालांकि, तिरुमला दर्शन की व्यवस्था यात्रियों को स्वयं करनी होगी। इसके अलावा श्री कालहस्ती मंदिर और पद्मावती मंदिर के दर्शन भी इस यात्रा का हिस्सा होंगे।

Uttarakhand Tourism: नैनीताल आए तो जरूर करें चप्पू नाव में बोटिंग, रोमांच और दृश्य अनुभव दोनों मजेदार

रामेश्वरम और मदुरै में मिलेगा दर्शन का अवसर

तिरुपति के बाद ट्रेन रामेश्वरम पहुंचेगी, जहां श्रद्धालु प्रसिद्ध रामनाथस्वामी मंदिर के दर्शन करेंगे। यहां यात्रियों के ठहरने की भी व्यवस्था रहेगी। यदि किसी कारणवश ट्रेन रामेश्वरम स्टेशन तक नहीं पहुंच पाती है, तो यात्रियों को कुदालनगर या मनामदुरई स्टेशन से सड़क मार्ग के जरिए रामेश्वरम ले जाया जाएगा। इसके बाद मदुरै में प्रसिद्ध मीनाक्षी अम्मन मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।

कन्याकुमारी और श्रीशैलम भी होंगे यात्रा का हिस्सा

यात्रा के अगले चरण में श्रद्धालु कन्याकुमारी पहुंचेंगे। यहां विवेकानंद रॉक मेमोरियल सहित प्रमुख स्थानीय पर्यटन स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। इसके बाद ट्रेन मार्कापुर रोड पहुंचेगी, जहां से यात्रियों को बस के जरिए श्रीशैलम ले जाया जाएगा। यहां भगवान मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग के दर्शन कराए जाएंगे। दर्शन के बाद वापसी की यात्रा शुरू होगी और 11 अगस्त 2026 को ट्रेन वापस गोरखपुर पहुंचेगी।

जानिए पैकेज का किराया

इस टूर पैकेज की शुरुआती कीमत स्लीपर इकोनॉमी श्रेणी के लिए 23,560 रुपये प्रति व्यक्ति रखी गई है। वहीं, 3AC स्टैंडर्ड श्रेणी का किराया 39,100 रुपये और 2AC कंफर्ट श्रेणी का किराया 51,760 रुपये प्रति व्यक्ति निर्धारित किया गया है। बच्चों के लिए अलग से किराया तय किया गया है। यदि कोई यात्री सिंगल बुकिंग कराता है, तो उसे डबल या ट्रिपल शेयरिंग के आधार पर दूसरे यात्री के साथ कमरा साझा करना होगा।

Dil-Luminati Tour: दिलजीत दोसांझ का जलवा, 50 सेकेंड में बिक गईं कॉन्सर्ट की सारी टिकटें

पैकेज में क्या-क्या मिलेगा?

इस पैकेज में भारत गौरव ट्रेन से यात्रा, श्रेणी के अनुसार होटल में ठहरने की सुविधा, वॉश एंड चेंज की व्यवस्था, सुबह की चाय, नाश्ता, दोपहर और रात का शाकाहारी भोजन, स्थानीय परिवहन, ट्रैवल इंश्योरेंस, टूर एस्कॉर्ट और पूरे सफर के दौरान आईआरसीटीसी टूर मैनेजर की सेवाएं शामिल हैं। इसके अलावा सभी लागू टैक्स भी पैकेज का हिस्सा होंगे, जिससे यात्रियों को यात्रा के दौरान अलग से किसी अतिरिक्त सुविधा की चिंता नहीं करनी पड़ेगी।

Location :  New Delhi

Published :  29 June 2026, 3:57 PM IST

Advertisement