पितरों को मिलेगा मोक्ष, नहीं होगी सफर की फिक्र: गया जी पिंडदान के लिए IRCTC लाया स्पेशल एयर पैकेज

पितरों की शांति के लिए गया में पिंडदान की योजना बना रहे हैं? IRCTC आपके लिए लाया है 3 दिन का फ्लाइट पैकेज। इंदौर से पटना की डायरेक्ट फ्लाइट, बोधगया में ठहराव और विष्णुपद मंदिर के दर्शन। जानें पूरा शेड्यूल और खर्च।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 24 August 2026, 1:22 PM IST

New Delhi: सनातन परंपरा में बिहार के गया जी का महत्व सर्वोच्च माना गया है। शास्त्रों के अनुसार, गया में किया गया एक पिंडदान व्यक्ति की 21 पीढ़ियों की आत्माओं को मोक्ष प्रदान करता है। माना जाता है कि स्वयं प्रभु श्री राम ने भी अपने पिता राजा दशरथ की आत्मा की शांति के लिए इसी पवित्र भूमि पर तर्पण किया था।

इसी धार्मिक आस्था और पितृ ऋण से मुक्ति की कामना को ध्यान में रखते हुए, IRCTC (भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम) ने इंदौर और आसपास के श्रद्धालुओं के लिए एक बेहद सुगम 'पिंड दान यात्रा' पैकेज की शुरुआत की है।

हवाई सफर से लेकर रुकने की पूरी व्यवस्था पैकेज में शामिल

यह विशेष टूर पैकेज 2 रात और 3 दिनों की अवधि का है, जिसे 27 से 29 सितंबर 2026 और 1 से 3 अक्टूबर 2026 के दो अलग-अलग स्लॉट में बुक किया जा सकता है। यात्रियों को इंदौर से पटना तक इंडिगो की डायरेक्ट फ्लाइट से ले जाया जाएगा।

इसके बाद पटना से बोधगया और गया जी का पूरा सफर आरामदायक एसी कैब या बसों के जरिए कराया जाएगा। पैकेज के तहत यात्रियों के ठहरने के लिए डीलक्स होटल, सुबह का नाश्ता, रात का स्वादिष्ट खाना और ट्रैवल इंश्योरेंस की सुविधा पहले से तय की गई है।

मानसून ट्रिप को यादगार बना देंगे ये ऑफबीट डेस्टिनेशंस

फल्गु तट से महाबोधि तक: 3 दिनों का विस्तृत यात्रा कार्यक्रम

पहला दिन: सुबह 06:55 बजे इंदौर से उड़ान भरकर दोपहर 12:45 बजे तक पटना आगमन होगा। वहां से यात्रियों को सीधे बोधगया स्थित होटल ले जाया जाएगा, जहां वे विश्राम और डिनर करेंगे।
दूसरा दिन (पिंडदान का मुख्य दिन): नाश्ते के बाद श्रद्धालु पवित्र फल्गु नदी के तट पर स्थित प्रसिद्ध 'विष्णुपद मंदिर' पहुंचेंगे, जहां भगवान विष्णु के पैरों के निशान चांदी से आच्छादित हैं। यहां पिंडदान संपन्न कराने के बाद अक्षय वट, सीता कुंड और मंगला गौरी महाशक्तिपीठ के दर्शन कराए जाएंगे। शाम को विश्व प्रसिद्ध महाबोधि मंदिर और बोधि वृक्ष के दर्शन का अवसर मिलेगा।
तीसरा दिन: होटल से चेक-आउट के बाद वापस पटना एयरपोर्ट जाया जाएगा, जहां से दोपहर 01:30 बजे की फ्लाइट रात 09:10 बजे इंदौर वापस पहुंचा देगी।

जानें प्रति व्यक्ति कितना आएगा खर्च

IRCTC ने इस मोक्ष यात्रा के लिए अलग-अलग रूम शेयरिंग कैटेगरी के आधार पर पारदर्शी बजट तय किया है:

  • सिंगल ऑक्यूपेंसी (अकेले रूम): 29,600 रुपये प्रति व्यक्ति
  • डबल ऑक्यूपेंसी (दो लोगों की शेयरिंग): 26,500 रुपये प्रति व्यक्ति
  • ट्रिपल ऑक्यूपेंसी (तीन लोगों की शेयरिंग): 26,250 रुपये प्रति व्यक्ति
  • बच्चे (5-11 साल, बेड के साथ): 25,850 रुपये
  • बच्चे (5-11 साल, बिना बेड): 23,350 रुपये

(नोट: 2 वर्ष से कम आयु के शिशुओं की बुकिंग के लिए सीधे IRCTC के आधिकारिक कार्यालय से संपर्क करना होगा।)

Location :  New Delhi

Published :  24 August 2026, 1:22 PM IST