हिंदी
यूपी शिक्षक भर्ती 2026 (Img: AI)
Prayagraj: उत्तर प्रदेश में सरकारी सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थानों में लंबे समय से खाली पड़े पदों को भरने की प्रक्रिया अब रफ्तार पकड़ती दिख रही है। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग जुलाई के बाद करीब 37,200 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर सकता है। इसमें बेसिक, माध्यमिक और उच्च शिक्षा से जुड़े विभिन्न पद शामिल होंगे।
भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए उच्च शिक्षा निदेशालय ने आयोग के ई-अधियाचन पोर्टल पर 2,107 सहायक प्रोफेसर के रिक्त पदों का विवरण अपलोड कर दिया है। इससे पहले 111 प्राचार्य पदों का अधियाचन भी पोर्टल पर भेजा जा चुका है। माना जा रहा है कि इन पदों पर भर्ती की प्रक्रिया जुलाई के बाद शुरू हो सकती है।
अधिकारियों के मुताबिक सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में प्रधानाचार्य, प्रवक्ता और सहायक अध्यापक समेत करीब 24 हजार पदों का अधियाचन भी जल्द आयोग को भेजा जाएगा। इसके बाद इन पदों पर भर्ती का रास्ता साफ हो जाएगा। अभ्यर्थियों को लंबे समय से इस विज्ञापन का इंतजार है।
Prayagraj News: छात्रा ने क्यों दी जान? मोबाइल विवाद के बाद सामने आई चौंकाने वाली वजह
बेसिक शिक्षा परिषद के शहरी क्षेत्रों में लगभग 11 हजार रिक्त पदों का प्रस्ताव पिछले महीने ऑफलाइन आयोग को भेजा जा चुका है। अब इन पदों को भी भर्ती प्रक्रिया में शामिल किए जाने की संभावना है। यदि सभी अधियाचन समय पर मिल जाते हैं तो आयोग एक साथ बड़े पैमाने पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर सकता है।
प्रदेश के 330 से अधिक सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में प्राचार्य के 111 पद अभी खाली हैं। वहीं पहले से चल रही 1,017 पदों की भर्ती अंतिम चरण में है। नई भर्ती प्रक्रिया शुरू होने से शिक्षक बनने की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों को बड़ा अवसर मिलने की उम्मीद है। आयोग की ओर से जल्द आधिकारिक विज्ञापन जारी होने पर आवेदन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
Location : Prayagraj
Published : 4 July 2026, 7:08 PM IST
Topics : Education Service Selection Commission vacancy UP secondary school UP teacher recruitment 2026
No related posts found.