UP NEET PG Counselling 2026: आज से रजिस्ट्रेशन शुरू, MD-MS में दाखिले के लिए जान लें फीस और जरूरी तारीखें

UP NEET PG Counselling 2026 के पहले राउंड के लिए रजिस्ट्रेशन 21 अक्टूबर से शुरू होगा। उम्मीदवार 26 अक्टूबर सुबह 11 बजे तक आवेदन कर सकते हैं। MD, MS, डिप्लोमा और DNB में दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 3,000 रुपये है। जानें चॉइस फिलिंग, सीट अलॉटमेंट और जरूरी दस्तावेजों की जानकारी।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 21 October 2026, 8:52 AM IST

New Delhi: उत्तर प्रदेश में MD, MS, डिप्लोमा और DNB कोर्स में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे मेडिकल उम्मीदवारों के लिए जरूरी अपडेट है। UP NEET PG Counselling 2026 के पहले राउंड के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 21 अक्टूबर से शुरू हो रहा है। उम्मीदवारों को आवेदन करने के लिए 26 अक्टूबर की सुबह 11 बजे तक का समय दिया गया है। ऐसे में अगर आप भी पीजी मेडिकल कोर्स में दाखिला लेना चाहते हैं, तो आवेदन की तारीख, काउंसलिंग फीस और सीट अलॉटमेंट से जुड़ी जरूरी जानकारी जान लें।

UP NEET PG Counselling 2026: कब तक कर सकते हैं आवेदन?

उत्तर प्रदेश के चिकित्सा शिक्षा एवं प्रशिक्षण महानिदेशालय (DGME) की ओर से जारी काउंसलिंग शेड्यूल के अनुसार, पहले राउंड के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 21 अक्टूबर 2026 को दोपहर 2 बजे से शुरू होगा। आवेदन की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर को सुबह 11 बजे निर्धारित है।

रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद मेरिट लिस्ट जारी की जाएगी। इसके बाद उम्मीदवारों को अपनी पसंद के कॉलेज और कोर्स का चयन यानी चॉइस फिलिंग करनी होगी। उम्मीदवारों को सलाह है कि वे समय रहते अपनी प्रक्रिया पूरी कर लें।

UP NEET PG Counselling 2026: जरूरी तारीखें

पहले राउंड की काउंसलिंग के लिए उम्मीदवार इन तारीखों का ध्यान रखें:

  • रजिस्ट्रेशन शुरू: 21 अक्टूबर 2026, दोपहर 2 बजे

  • रजिस्ट्रेशन की अंतिम तारीख: 26 अक्टूबर, सुबह 11 बजे

  • मेरिट लिस्ट और चॉइस फिलिंग: 26 अक्टूबर

  • चॉइस फिलिंग की अंतिम तारीख: 30 अक्टूबर

  • सीट अलॉटमेंट रिजल्ट: 2 नवंबर

  • अलॉटमेंट लेटर और दाखिले की प्रक्रिया: 3 से 7 नवंबर और 12 से 13 नवंबर

कितनी है रजिस्ट्रेशन फीस?

UP NEET PG Counselling 2026 के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 3,000 रुपये निर्धारित की गई है। यह फीस नॉन-रिफंडेबल यानी वापस नहीं की जाएगी। इसके अलावा उम्मीदवारों को सिक्योरिटी फीस भी जमा करनी होगी। इसकी राशि सीट और कॉलेज के अनुसार अलग हो सकती है। सिक्योरिटी फीस जमा करने की अंतिम तारीख 26 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे है।

कानपुर के दशहरा मेले में जोरदार धमाका! सिलिंडर फटने से बच्ची समेत 4 घायल

कैसे करें UP NEET PG Counselling 2026 के लिए आवेदन?

उम्मीदवार आवेदन करने के लिए आधिकारिक वेबसाइट upneet.gov.in पर जाएं। इसके बाद UP NEET PG Counselling के लिंक पर क्लिक करें और मांगी गई जानकारी भरें। जरूरी दस्तावेज अपलोड करने के बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान करें और फॉर्म सबमिट कर दें। आवेदन पूरा होने के बाद उसकी कॉपी और फीस की रसीद सुरक्षित रखें।

कौन-से दस्तावेज जरूरी होंगे?

रजिस्ट्रेशन और दाखिले की प्रक्रिया के लिए NEET PG 2026 एडमिट कार्ड और स्कोरकार्ड, MBBS की मार्कशीट, डिग्री या प्रोविजनल डिग्री, इंटर्नशिप सर्टिफिकेट, 10वीं-12वीं के प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और पासपोर्ट साइज फोटो तैयार रखें। जरूरत के अनुसार डोमिसाइल और कैटेगरी सर्टिफिकेट भी मांगे जा सकते हैं।

उम्मीदवार आवेदन से पहले आधिकारिक काउंसलिंग पोर्टल पर जारी दिशा-निर्देश और शेड्यूल जरूर जांच लें, ताकि किसी जरूरी तारीख या दस्तावेज से जुड़ी गलती से बचा जा सके।

Location :  New Delhi

Published :  21 October 2026, 8:52 AM IST