सिक्किम के छात्रों को बड़ा तोहफा: IIT कानपुर के साथ मिलकर मिलेगी JEE-NEET की फ्री कोचिंग

सिक्किम सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए 'सीएम-साथी' योजना शुरू की है। इसके तहत आईआईटी कानपुर के सहयोग से जेईई और नीट की फ्री क्रैश कोचिंग दी जाएगी। साथ ही केंद्रीय परीक्षाओं की तैयारी के लिए 10 हजार की मदद भी मिलेगी।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 7 September 2026, 1:59 PM IST

New Delhi: सिक्किम के आर्थिक रूप से कमजोर, मेधावी छात्रों के लिए डॉक्टर और इंजीनियर बनने की राह अब आसान होने जा रही है। शिक्षक दिवस के खास मौके पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने 'सीएम-साथी' (CM-SAATHI) पहल की घोषणा की है। इस योजना का सीधा फायदा उन होनहार युवाओं को मिलेगा जो जेईई (JEE) और नीट (NEET) जैसी कठिन प्रवेश परीक्षाओं की तैयारी तो करना चाहते हैं, लेकिन महंगी कोचिंग का खर्च उठाने में असमर्थ हैं।

IIT कानपुर देगा ट्रेनिंग, 2 महीने का फ्री क्रैश कोर्स

सिक्किम सरकार ने इस मुहिम को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिष्ठित संस्थान IIT कानपुर के साथ हाथ मिलाया है। राज्य कैबिनेट से मंजूर हुई इस योजना के तहत चयनित अभ्यर्थियों को 2 महीने का गहन क्रैश कोर्स बिल्कुल मुफ्त कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि फीस की तंगी के कारण अब किसी भी काबिल छात्र की प्रतिभा घुटने नहीं टेकेगी।

सफरनामा: IIT दिल्ली, IIM अहमदाबाद और फिर लंदन में नौकरी; जानिए आलीशान जॉब छोड़ क्यों और कैसे IAS बनीं दिव्या मित्तल?

लॉन्च पैड योजना: सरकारी नौकरियों के लिए 10 हजार की मदद

प्रवेश परीक्षाओं के साथ-साथ राज्य सरकार ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए 'लॉन्च पैड' योजना का भी ऐलान किया है। इसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर, अनाथ और दिव्यांग अभ्यर्थियों को केंद्र सरकार और पीएसयू (PSU) की परीक्षाओं की तैयारी, स्टडी मैटेरियल व यात्रा खर्च के लिए एकमुश्त 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

2035 तक सिक्किम को 'एजुकेशन हब' बनाने का विजन

27 मई 2026 को पूरी तरह साक्षर (Fully Literate) घोषित हो चुके सिक्किम ने अब शिक्षा की गुणवत्ता को विश्वस्तरीय बनाने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री तमांग के अनुसार, राज्य बजट का करीब 15 प्रतिशत हिस्सा शिक्षा पर खर्च किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि 2035 तक सिक्किम एक ऐसा एजुकेशन हब बने, जिससे स्थानीय छात्रों को बाहर न जाना पड़े बल्कि देश भर के बच्चे पढ़ने सिक्किम आएं। इसके साथ ही छात्रों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए 'सिक्किम लाइफ स्किल्स करिकुलम' भी शुरू किया जाएगा।

Location :  New Delhi

Published :  7 September 2026, 1:59 PM IST