
छात्रों के लिए अब क्या? (फोटो सोर्स-इंटरनेट)
New Delhi: NEET UG 2026 परीक्षा रद्द कर दी गई है। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित परीक्षा को रद्द करने का बड़ा फैसला लिया है। यह कदम पेपर लीक की आशंकाओं और परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता को बनाए रखने के मद्देनजर उठाया गया है। इस फैसले के बाद 22 लाख से अधिक छात्रों के लिए भविष्य की दिशा और अगली रणनीति पर सवाल खड़े हो गए हैं।
NTA ने बयान में बताया कि 8 मई 2026 को कुछ मामलों को निष्पक्ष जांच और सत्यापन के लिए केंद्रीय एजेंसियों को भेजा गया था। जांच एजेंसियों और कानून प्रवर्तन विभागों की रिपोर्ट के आधार पर पाया गया कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी की संभावना को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
NTA ने कहा कि परीक्षा को जारी रखना सही नहीं होगा और यह कदम इसलिए उठाया गया ताकि राष्ट्रीय परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद तरीके से आयोजित हो सकें। भारत सरकार की मंजूरी के बाद यह निर्णय लिया गया।
NEET UG 2026 की परीक्षा रद्द, CBI करेगी पेपर लीक की जांच, NTA ने कहा- जल्द जारी होगी नई तारीख
NTA ने साफ किया है कि मौजूदा परीक्षा को रद्द कर दिया गया है, लेकिन NEET UG 2026 दोबारा आयोजित की जाएगी। नई परीक्षा की तारीखें जल्द घोषित की जाएंगी। साथ ही नए एडमिट कार्ड और परीक्षा संबंधी सभी जानकारी भी NTA की आधिकारिक वेबसाइट और अन्य आधिकारिक माध्यमों पर जारी की जाएगी।
इस फैसले के बाद लाखों उम्मीदवारों के लिए यह साल भर की मेहनत, रातों की नींद और डॉक्टर बनने के सपने की प्रतीक्षा का दौर बन गया है। हालांकि, पेपर लीक के आरोपों के बीच यह कदम परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए सही माना जा रहा है।
22 लाख से अधिक छात्र और उनके अभिभावक अब अनिश्चितता की स्थिति में हैं। परीक्षा की रद्द होने की खबर से छात्रों का मानसिक और शारीरिक तनाव बढ़ गया है। कई छात्रों ने सालों की तैयारी के बाद भी धैर्य बनाए रखने की चुनौती सामने पाई है।
NTA ने छात्रों और अभिभावकों से शांति बनाए रखने की हिदायत दी है और आश्वस्त किया है कि नई परीक्षा समय पर आयोजित की जाएगी।
Location : New Delhi
Published : 12 May 2026, 1:28 PM IST