घर के पास स्कूल तो एडमिशन के ज्यादा चांस; दिल्ली में नर्सरी दाखिले से पहले समझ लें अंकों का गणित

दिल्ली के निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी एडमिशन की प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी। घर से स्कूल की दूरी के आधार पर बच्चों को 70 अंक तक मिल सकते हैं। इसके अलावा भाई-बहन और माता-पिता की पढ़ाई के आधार पर भी अतिरिक्त अंक मिलेंगे। जानिए आवेदन से पहले किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 25 November 2026, 10:33 AM IST

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में नर्सरी एडमिशन की दौड़ एक बार फिर शुरू होने जा रही है। निजी स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए नर्सरी एडमिशन की प्रक्रिया एक दिसंबर से शुरू होगी। बच्चों का दाखिला कराने की तैयारी कर रहे अभिभावकों के लिए स्कूलों के एडमिशन नियमों को समझना बेहद जरूरी है। नर्सरी एडमिशन में कई मानदंडों के आधार पर अंक दिए जाते हैं। इनमें घर से स्कूल की दूरी भी महत्वपूर्ण है। कई स्कूलों में घर के नजदीक स्कूल होने पर 70 अंक तक मिल सकते हैं। ऐसे में बच्चों के दाखिले की संभावना बढ़ सकती है।

नेबरहुड नियम से मिलेगा एडमिशन में फायदा

दिल्ली के कई निजी स्कूलों में नर्सरी एडमिशन के लिए नेबरहुड यानी घर से स्कूल की दूरी का नियम लागू होता है। इसके तहत अभिभावकों के निवास स्थान से स्कूल की दूरी के आधार पर अंक निर्धारित किए जाते हैं। घर से स्कूल जितना नजदीक होगा, बच्चे को उतने अधिक अंक मिलने की संभावना होगी।

कई निजी स्कूल एडमिशन के लिए निर्धारित 100 अंकों में से 30 से 70 अंक तक नेबरहुड के आधार पर देते हैं। ऐसे में अभिभावकों के लिए अपने घर के आसपास स्थित स्कूलों में आवेदन करना फायदेमंद हो सकता है।

कुछ स्कूलों में घर से स्कूल की दूरी शून्य से एक किलोमीटर होने पर 70 अंक तक मिल सकते हैं। वहीं, एक से आठ किलोमीटर की दूरी होने पर 60 अंक तक और आठ किलोमीटर से अधिक दूरी होने पर 50 अंक तक दिए जा सकते हैं। हालांकि, अलग-अलग स्कूलों में अंक निर्धारित करने के मानदंड अलग हो सकते हैं।

एडमिशन फॉर्म भरते समय इन बातों का रखें ध्यान

नर्सरी एडमिशन के लिए आवेदन करते समय अभिभावकों को घर से स्कूल की दूरी का विशेष ध्यान रखना चाहिए। आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले अपने घर के आसपास स्थित निजी स्कूलों की सूची तैयार कर लेना बेहतर होगा।

इसके बाद अभिभावक अपनी पसंद के स्कूलों के एडमिशन नियमों और अंक प्रणाली को समझकर आवेदन कर सकते हैं। जिन स्कूलों में नेबरहुड के लिए अधिक अंक निर्धारित हैं, वहां आसपास रहने वाले बच्चों को प्राथमिकता मिलने की संभावना बढ़ सकती है।

अभिभावकों को प्रत्येक स्कूल के एडमिशन मानदंडों को ध्यान से पढ़ना चाहिए, क्योंकि सभी स्कूलों में दूरी के आधार पर मिलने वाले अंक एक समान होना जरूरी नहीं है।

भाई-बहन और माता-पिता की पढ़ाई का भी मिलेगा लाभ

नर्सरी एडमिशन में घर से स्कूल की दूरी के अलावा कई अन्य मानदंडों के आधार पर भी अंक मिल सकते हैं। यदि बच्चे का कोई भाई या बहन पहले से उसी स्कूल में पढ़ रहा है, तो सिबलिंग श्रेणी के तहत 15 से 40 अंक तक मिल सकते हैं।

इसके अलावा यदि बच्चे के माता या पिता ने उसी स्कूल से पढ़ाई की है, तो इस आधार पर भी 10 से 20 अंक तक दिए जा सकते हैं। सरकारी नौकरी के चलते स्थानांतरित हुए कर्मचारियों के बच्चों को भी कुछ स्कूलों में अतिरिक्त अंक मिल सकते हैं।

ऐसे में अभिभावकों को आवेदन करने से पहले स्कूल की पूरी अंक प्रणाली समझ लेनी चाहिए। सभी मानदंडों के आधार पर मिलने वाले अंक बच्चे के एडमिशन की संभावना बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।

Location :  New Delhi

Published :  25 November 2026, 10:33 AM IST