
सीआरपीएफ में सरकारी नौकरी का शानदार मौका (Img- Pinterest)
New Delhi: अगर आप में देश सेवा का जुनून है और आप खेलकूद से जुड़े रहे हैं, तो सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) आपके लिए एक बेहतरीन मौका लेकर आया है। सीआरपीएफ ने स्पोर्ट्स कोटा के तहत हेड कॉन्स्टेबल और जीडी कॉन्स्टेबल के 521 पदों पर बंपर भर्ती की आधिकारिक घोषणा की है।
इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि उम्मीदवारों को किसी भी तरह की लिखित परीक्षा (Written Exam) से नहीं गुजरना पड़ेगा। प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को सीधे स्पोर्ट्स ट्रायल और शारीरिक परीक्षण के आधार पर देश के सबसे बड़े पैरामिलिट्री फोर्स में शामिल होने का अवसर दिया जाएगा।
इस भर्ती अभियान के तहत कुल 521 खाली पदों को भरा जाएगा। इनमें से हेड कॉन्स्टेबल (जीडी) के 182 पद और कॉन्स्टेबल (जीडी) के 339 पद शामिल हैं। योग्यता की बात करें तो हेड कॉन्स्टेबल पद के लिए मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना अनिवार्य है, साथ ही अभ्यर्थी ने अंतरराष्ट्रीय, राष्ट्रीय या इंटर-यूनिवर्सिटी स्तर की खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीता हो या राज्य का प्रतिनिधित्व किया हो।
वहीं कॉन्स्टेबल पद के लिए 10वीं पास उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं, बशर्ते उन्होंने जूनियर/सीनियर नेशनल गेम्स, खेलो इंडिया यूथ गेम्स या स्कूल गेम्स में बेहतर प्रदर्शन किया हो। बैडमिंटन, बॉक्सिंग, फुटबॉल, कबड्डी, शूटिंग, कराटे और योगा समेत कुल 22 खेलों के खिलाड़ी इसके लिए पात्र हैं।
इस भर्ती के लिए अभ्यर्थियों की न्यूनतम उम्र 18 वर्ष और अधिकतम उम्र 23 वर्ष तय की गई है। आयु की गणना 1 अगस्त 2026 को आधार मानकर की जाएगी। इसका मतलब है कि उम्मीदवार का जन्म 2 जनवरी 2003 से पहले और 1 जनवरी 2008 के बाद का नहीं होना चाहिए।
हालांकि, स्पोर्ट्स पर्सन होने के नाते उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में 5 वर्ष की छूट दी जाएगी। इसके अलावा, नियमानुसार आरक्षित वर्गों (SC/ST/OBC) को भी अतिरिक्त छूट का लाभ मिलेगा। भर्ती में शामिल होने के लिए 11 नवंबर 2026 तक ऑफिशियल वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन जमा किया जा सकता है।
सीआरपीएफ स्पोर्ट्स कोटा भर्ती में उम्मीदवारों का चयन केवल पहचान पत्र जांच, दस्तावेज सत्यापन (Document Verification), शारीरिक मानक परीक्षा (PST), स्पोर्ट्स ट्रायल टेस्ट और मेडिकल एग्जामिनेशन (DME/RME) के आधार पर होगा। चयन प्रक्रिया पूरी करने वाले उम्मीदवारों को 7वें वेतन आयोग के तहत आकर्षक सैलरी पैकेज मिलेगा।
सरकारी नौकरी के लिए दौड़ लगाते-लगाते शिवम की हो गई मौत, बर्थडे के 24 घंटे बाद उठी अर्थी
हेड कॉन्स्टेबल पद के लिए पे-लेवल 4 (₹25,500 से ₹81,100) और कॉन्स्टेबल पद के लिए पे-लेवल 3 (₹21,700 से ₹69,100) का स्केल तय किया गया है। साथ ही महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और अन्य सरकारी लाभ भी मिलेंगे। सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस उम्मीदवारों के लिए फॉर्म फीस मात्र ₹100 है, जबकि महिलाओं, एससी/एसटी और पूर्व सैनिकों के लिए आवेदन पूरी तरह नि:शुल्क है।
Location : New Delhi
Published : 23 September 2026, 11:07 AM IST