Agniveer Bharti Rally: भारतीय सेना में शामिल होने का बड़ा मौका, यूपी-उत्तराखंड के युवाओं के लिए जारी हुआ विस्तृत भर्ती शेड्यूल

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के युवाओं के लिए रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली आज से शुरू हो गई है। 12 अक्टूबर तक चलने वाली इस रैली का जिलावार शेड्यूल जारी हो चुका है। जानिए आपको कौन-कौन से जरूरी दस्तावेज साथ ले जाने होंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 October 2026, 10:10 AM IST

New Delhi: भारतीय सेना में शामिल होकर देश रक्षा का सपना देखने वाले उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के युवाओं के लिए एक बेहद बड़ी और राहत भरी खबर आई है। दोनों राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए सोमवार, 5 अक्टूबर से उत्तराखंड के रुड़की में अग्निवीर भर्ती रैली का आगाज हो चुका है।

मध्य कमान प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक शेड्यूल के अनुसार, यह भर्ती प्रक्रिया 12 अक्टूबर तक निर्बाध रूप से चलेगी। लिखित परीक्षा में परचम लहराने वाले सभी सफल अभ्यर्थी अब चयन प्रक्रिया के सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव यानी शारीरिक दक्षता परीक्षा और दौड़ में अपनी ताकत का परिचय देंगे।

शारीरिक परीक्षा और दस्तावेजों का होगा कड़ा सत्यापन

मध्य कमान के जनसंपर्क अधिकारी शांतनु प्रताप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि पूरे उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के अभ्यर्थियों के लिए 'अग्निवीर क्लर्क-एसकेटी' पद पर यह भर्ती आयोजित की जा रही है। परीक्षा के अगले चरण के तहत अभ्यर्थियों को ग्राउंड पर अपनी शारीरिक क्षमता साबित करनी होगी।

इसके तुरंत बाद रैली स्थल पर ही उम्मीदवारों के सभी आवश्यक प्रमाण पत्रों की गहन जांच की जाएगी। ऑनलाइन सत्यापन की प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए सेना प्रशासन ने अपील की है कि सभी युवा अपने पहचान पत्र से लिंक मोबाइल नंबर को साथ लाना बिल्कुल न भूलें।

ग्राउंड टेस्ट पास करने के बाद भी न हो जाएं बाहर! अग्निवीर भर्ती के लिए घर से निकलने से पहले चेक करें ये लिस्ट

रैली स्थल पर ले जाने होंगे ये जरूरी डाक्यूमेंट्स और तीन सेट फोटोकॉपी

भर्ती स्थल पर किसी भी परेशानी से बचने के लिए अभ्यर्थियों को अपने साथ प्रवेश पत्र (Admit Card), पैन कार्ड, पहचान पत्र, पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र और हाल ही में खिंचवाई गई 20 रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लानी होंगी। इसके अलावा शैक्षणिक प्रमाणपत्र, मूल निवास, जाति, स्कूल चरित्र, धर्म, चरित्र प्रमाणपत्र तथा अविवाहित होने का प्रमाण पत्र भी अनिवार्य रूप से मांगा गया है।

खेलकूद व एनसीसी प्रमाणपत्र धारकों को भी इसका लाभ मिलेगा। ध्यान रहे कि इन सभी मूल दस्तावेजों के साथ उनकी तीन-तीन फोटोकॉपी सेट और आवश्यक शपथपत्र भी साथ रखें।

जानें किस दिन किस जिले के युवाओं की होगी दौड़

सेना द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, 5 अक्टूबर को उत्तराखंड के अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर व पिथौरागढ़ समेत यूपी के बरेली, बदायूं, हरदोई, शाहजहांपुर आदि जिलों की रैली हो रही है।

6 अक्टूबर को अमेठी, अयोध्या, बस्ती, प्रयागराज व सुलतानपुर; 7 अक्टूबर को मेरठ, बुलंदशहर, मुरादाबाद व मुजफ्फरनगर; और 8 अक्टूबर को गाजियाबाद, आगरा, सहारनपुर व शामली जिलों के युवाओं की बारी होगी। वहीं 9 अक्टूबर को अलीगढ़, मथुरा, मैनपुरी और इटावा के अभ्यर्थी हिस्सा लेंगे।

अग्निवीर बनने का सपना होगा सच! फेज-2 CEE रिजल्ट आउट, वेबसाइट क्रैश होने से पहले ऐसे डाउनलोड करें PDF

लखनऊ और पूर्वांचल के जिलों के लिए तय किए गए ये दिन

राजधानी लखनऊ के युवाओं के लिए 10 अक्टूबर का दिन तय किया गया है, जिसके साथ औरैया, बांदा, कानपुर देहात, उन्नाव व फतेहपुर की भर्ती होगी। 11 अक्टूबर को उत्तराखंड के देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल व उत्तरकाशी के साथ-साथ यूपी के गोरखपुर, बलिया व भदोही जिलों का नंबर आएगा। अंत में 12 अक्टूबर को वाराणसी, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया, आजमगढ़ व मिर्जापुर समेत पूर्वांचल के विभिन्न जिलों की भर्ती के साथ इस भव्य रैली का समापन किया जाएगा।

Location :  New Delhi

Published :  5 October 2026, 10:10 AM IST